MP News: मुरैना में 3 साल के मासूम कर्तिकन के अपहरण के मामले में पुलिस ने 2 दिन बाद खुलासा कर दिया है. जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बच्चे का अपहरण किसी गैंग ने नहीं, बल्कि उसके पिता निलेश ने ही कराया था. पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने अपने ही बेटे का अपहरण कर लिया था.
15 दिन रहकर की थी रेकी
पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते निलेश ने बेटे का अपहरण कराने की साजिश रची. घटना को अंजाम देने से पहले वह करीब 15 दिन तक मुरैना में रहकर रेकी करता रहा और पूरी योजना तैयार की. वारदात के बाद आरोपी पिता बच्चे को लेकर राजस्थान के पाली पहुंच गया, जहां वह एक होटल में ठहरा हुआ था.
आरोपी पिता से पूछताछ कर रही है पुलिस
मुरैना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पाली पहुंचकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. इस कार्रवाई से अपहरण की गुत्थी सुलझ गई और मासूम को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने में पुलिस को सफलता मिली. पुलिस मामले में आरोपी पिता से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.
2 दिन पहले स्कूल से ही कर लिया था अपहरण
पूरा मामला रेनबो पब्लिक स्कूल का है. यहां दो दिन पहले 3 साल के कार्तिकन का स्कूल से ही अपहरण हो गया था. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था. इसमें स्कूटी सवार दो लोग थे. एक व्यक्ति बच्चे को गोद में लेकर जाता हुआ दिखाई दिया था. जिसके बाद से ही पुलिस मामले में जांच कर रही थी.
ये भी पढ़ें: ‘टिकट काटने की आशुतोष की क्षमता नहीं है’, नरोत्तम मिश्रा बोले- जिसने किया है, उनसे बात करूंगा
