मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले को बड़ी सौगात मिली है. केंद्रीय मंत्री और अशोकनगर सीट से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रस्ताव पर रेलवे ने बीना-रुठियाई के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन के टाइम में बदलाव कर दिया है. इस ट्रेन की टाइमिंग बदलने से इंदौर और कोटा के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को कई ट्रेनों के विकल्प मिलेंगे. आइए जानते है क्या है मेमू की नई टाइमिंग.
सिंधिया के प्रस्ताव पर लगी मुहर
दरअसल केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर दौरे में मंच से ट्रेन के समय बदलने का ऐलान किया था. इसके बाद उन्होंने रेल मंत्री को इस ट्रेन की समयसारणी बदलने के लिए लेटर लिखा. अब भारतीय रेल विभाग ने सिंधिया की इस मांग पर मुहर लगा दी है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना रेलवे स्टेशन पर बीना-रुठियाई-बीना मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था.
रात 8.30 पर होगी रवाना
रेल मंत्रालय के इन आदेश के बाद अब मेमू ट्रेन रुठियाई जंक्शन से रात 8.30 बजे रवाना होगी. पहले ये ट्रेन रात 8 बजे रवाना होती थी, जिस कारण से कोटा-इंदौर एक्सप्रेस के यात्रियों को आगे की यात्रा करने के लिए घंटो इंतजार करना पड़ता था. अब चूंकि इस मेमू ट्रेन का टाइम बदल चुका है तो ये इंदौर-कोटा एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा होगी.
लंबे समय से बेहतर कनेक्टिविटी की मांग
ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र में लंबे समय से इंदौर के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी. बता दें कि यह मेमू ट्रेन अपने मार्ग पर मुंगावली, अशोकनगर और गुना जंक्शन सहित लगभग 17 से 19 छोटे-बड़े स्टेशनों पर रुकती है. इस गाड़ी का संचालन हफ्ते में सातों दिन किया जाता है.
ये भी पढ़ें: गांजे के नशे में उड़ा रहा था एयर इंडिया की फ्लाइट! टर्बुलेंस में कई यात्री हुए थे घायल
