मुरैना में ट्रेन से कटकर 4 यात्रियों की मौत, उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह से कूदे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए

हादसा हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच हुआ है. वहीं हादसे के बाद फिलहाल दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट बाधित हो गया है.
4 people died in the train accident in Morena.

मुरैना में ट्रेन हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई.

MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना में बड़ा ट्रेन हादसा हो गया. उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह से मची भगदड़ के बाद कई यात्री ट्रेन से कूद गए. इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 यात्रियों की कटकर मौत. इनमें 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. हादसा हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच हुआ है. वहीं हादसे के बाद फिलहाल दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट बाधित हो गया है.

आग की अफवाह के बाद चलती ट्रेन से कूदे यात्री

उदयपुर इंटरसिटी एक्स्प्रेस में आग की अफवाह फैलने से हड़कंप मच गया. जिसके बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई. जिसमें कई यात्री चलती ट्रेन से कूद गए और दूसरी तरफ से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. फिलहाल बचाव दल मौके पर पहुंच गया है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मरने वालों में सकुंतला (60), वीरमा देवी(58), आफरीन (35) और अशद (4) शामिल हैं.

यात्री बोले- आग की लगने की बात बोलकर किसी ने चेन पुलिंग की

ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों की कहना है कि अचानक आग लगने की अफवाह के बाद हड़कंप मच गया. इस दौरान किसी ने आग लगने की बात बोलकर चेन पुलिंग कर दी. जिसके बाद ट्रेन रुकने से पहले ही लोगों ने चलती ट्रेन से ही छलांग लगा दी. हालांकि चेन पुलिंग किसने की और आग लगने की अफवाह ट्रेन में किसने फैलाई, इसकी अभी तक जानकारी नहीं मिल सकी है. फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी हुई हैं.

वहीं झांसी रेल मंडल के डीआरएम अनुरुद्ध कुमार के मुताबिक जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां रेलवे ट्रैक पर मोड़ है. इसी वजह से यात्रियों को सामने से आ रही ट्रेन दिखाई नहीं दी. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह अफवाह के बाद हुई चेन पुलिंग और यात्रियों का ट्रैक पर उतरना सामने आया है.

ये भी पढ़ें: कटनी में हाईवा और बस की आमने-सामने टक्कर, 3 लोगों की मौत, 35 घायल; स्थानीय बोले- गड्ढे के कारण आए दिन होते हैं हादसे

ज़रूर पढ़ें