Input- सुनील रजक
MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित शिवपुरी रेलवे स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया. इस अवसर पर स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.
आधुनिक सुविधाओं से लैस है स्टेशन
20 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का कायाकल्प किया गया है. पुनर्विकास के तहत आधुनिक स्टेशन भवन, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड, अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, नए प्लेटफॉर्म शेड, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, बेहतर पार्किंग, शुद्ध पेयजल और आकर्षक एलईडी प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है. साथ ही दिव्यांगजन की सुविधा के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.
PM मोदी ने वर्चुअली 75 स्टेशनों का किया लोकार्पण
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया. इनमें मध्यप्रदेश के 13 स्टेशन शामिल हैं. रेलवे के अनुसार, शिवपुरी स्टेशन का आधुनिकीकरण स्थानीय संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय के साथ किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.
ये भी पढ़ें: अशोक नगर में 6 करोड़ में बनेगा 2 हजार सीटर कॉल सेंटर, ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- ‘लखपति युवा’ बनाने की योजना
