Vistaar NEWS

Morena: स्‍कूल बना तालाब, बच्‍चों और शिक्षकों की जान पर खतरा, जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण

Waterlogging in Morena school

मुरैना के स्‍कूल में जलभराव

रिपोर्ट – मनाेज शर्मा

Morena News: मुरैना जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालय जेवर खेड़ा की बदहाल स्थिति ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विद्यालय भवन के चारों ओर बारिश का पानी भर जाने से पूरा स्कूल टापू जैसा बन गया है. ऐसे हालात में बच्चे और शिक्षक जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं.

स्‍कूल में न ही सुरक्षित खेल मैदान और न ही पीने का पानी

विद्यालय परिसर में जलभराव के कारण बच्चों के लिए न तो सुरक्षित खेल मैदान बचा है और न ही पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है. भरे हुए पानी में जहरीले जीव-जंतु निकल रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. भय के माहौल में बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं और शिक्षक भी मजबूरी में शिक्षण कार्य कर रहे हैं.

लगातार शिकायतों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी भगवान सिंह इंडोलिया मौके पर पहुंचे और विद्यालय का निरीक्षण किया. स्कूल की दयनीय स्थिति देखकर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि मामले से संबंधित अधिकारियों को तत्काल अवगत कराकर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा.

निरीक्षण के दौरान महिला शिक्षकों ने रखी समस्‍याएं

निरीक्षण के दौरान महिला शिक्षकों ने भी अपनी समस्याएं जिला शिक्षा अधिकारी के सामने रखीं. उन्होंने बताया कि विद्यालय के शौचालय चारों ओर से पानी में घिरे होने के कारण उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है. मजबूरी में महिला शिक्षक और छात्राओं को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है.

वहीं विद्यालय परिसर में फैली दुर्गंध के कारण बच्चों और शिक्षकों का बैठना तक मुश्किल हो गया है तथा जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. प्रशासन से अब जल्द राहत की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में शिक्षा मिल सके.

ये भी पढे़ं- Morena: आजादी के 78 साल बाद भी नहीं बना श्मशान घाट, 80 वर्षीय महिला के अंतिम संस्कार के लिए 1 किलोमीटर चले लोग

Exit mobile version