इनपुट-सुनील रजक
Shivpuri: जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र के सईसपुरा मोहल्ले में 10 दिन के भीतर एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम आज मौके पर पहुंची. टीम ने परिवार और आसपास के लोगों की जांच करते हुए 20 नए सैंपल लिए हैं. इन सैंपलों की जांच मेडिकल कॉलेज में कराई जाएगी.
एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत
जानकारी के मुताबिक, 21 से 31 अगस्त के बीच एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हुई थी. मृतकों में तीन सगे भाई और उनका एक रिश्तेदार शामिल था. परिजनों के अनुसार, बच्चों की तबीयत बिगड़ने से पहले उन्हें बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी. इसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान चारों की मौत हो गई.
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पहले भी परिवार और संपर्क में आए लोगों के करीब 50 से 60 सैंपल लिए थे, लेकिन प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों से जुड़ी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई.
बच्चों की मौत की वजह क्या?
इसी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम आज दोबारा सईसपुरा मोहल्ले में पहुंची और 20 नए सैंपल लिए. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इन सैंपलों में शरीर की विभिन्न जांचें कराई जाएंगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर चारों बच्चों की मौत की वजह क्या रही.
मेडिकल कॉलेज में होगी सैंपलों की जांच
अधिकारियों का कहना है कि सैंपलों की जांच मेडिकल कॉलेज में होगी और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. बताया गया है कि रिपोर्ट कल संबंधित लोगों के मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. मौत का सही कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: विज्ञापन नहीं, नियुक्ति तिथि से तय होगी न्यायिक अधिकारियों की वरिष्ठता
