Vistaar NEWS

MP Weather Today: 10 अप्रैल से एमपी में बढ़ेगी गर्मी, IMD ने जारी किया 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

weather forecast today

मौसम समाचार

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में 10 अप्रैल से गर्मी का असर तेज होने वाला है. मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार आने वाले दिनों में दिन के तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आएगा और कहीं-कहीं बारिश, आंधी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.

अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

बुधवार को कई जिलों में बारिश

बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा. भोपाल, जबलपुर, रायसेन, शिवपुरी, रतलाम, छतरपुर, नर्मदापुरम, उज्जैन, इंदौर और धार सहित 15 से ज्यादा जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली. राजधानी भोपाल में तेज हवा के साथ हल्की बारिश भी हुई.

तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन रहे सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार को प्रदेश के उत्तर, पूर्व और पश्चिमी हिस्सों में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय थे, जिसके कारण बारिश और आंधी का असर देखने को मिला. यही वजह रही कि कई जिलों में मौसम ठंडा बना रहा.

11 अप्रैल को नया सिस्टम एक्टिव होगा

मौसम विभाग का कहना है कि 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम दिशा में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर मध्य प्रदेश में ज्यादा नहीं पड़ेगा. इसके बावजूद मौसम में हल्का बदलाव बना रह सकता है.

बड़े शहरों का तापमान

बड़े शहरों की बात करें तो 8 अप्रैल को भोपाल में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 32.2, उज्जैन में 31.7, ग्वालियर में 30.8 और जबलपुर में 31.1 डिग्री तापमान रहा.

इन जिलों में ज्यादा गर्मी दर्ज

वहीं, प्रदेश के कुछ जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला. खंडवा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. इसके अलावा नरसिंहपुर और खरगोन में 36.2, शाजापुर में 36.1 और दमोह में 35.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. बाकी जिलों में भी तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच बना रहा, जबकि पचमढ़ी जैसे पहाड़ी क्षेत्र में तापमान अपेक्षाकृत कम 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

ये भी पढे़ं- MP News: नर्सिंग भर्ती में 100% महिला आरक्षण को चुनौती, HC ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर मांगा जवाब

Exit mobile version