Madhya Pradesh Weather Update: मध्य प्रदेश में बारिश और आंधी का दौर खत्म होने के साथ ही लगभग आधा प्रदेश लू की चपेट में आ गया है. प्रदेश में हीट वेव और तपिश के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं. खजुराहों 45.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा. इसके अलावा राजधानी भोपाल में लोगों ने भीषण गर्मी महसूस की. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को भी इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में लू का अलर्ट है.
रतलाम-धार 45 डिग्री के पार
मध्य प्रदेश में खजुराहो का तापमान सबसे ज्यादा 45.4 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा रतलाम और धार में भी पारा 45 के पार रहा. इसके अलावा राजधानी भोपाल समेत शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर में तापमान 43 डिग्री के आसपास ही रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी इन जिलों में तामपान 44 डिग्री के पास रहने की उम्मीद है. ऐसे में गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं दिखती.
बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन 44.7 डिग्री, भोपाल में 43.2 डिग्री, इंदौर में 43.6 डिग्री, जबलपुर में 42.7 डिग्री और ग्वालियर में 42 डिग्री टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया.
17 मई तक तापमान बढ़ा रहेगा, इंदौर-उज्जैन में सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश में 17 मई तक ऐसे ही गर्मी देखने को मिलेगी. इसमें सबसे ज्यादा असर इंदौर-उज्जैन संभाग में देखने को मिलेगा. इंदौर और उज्जैन संभाग में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा भोपाल जबलपुर में भी लू की चेतावनी है. दिन के साथ ही रात का तापमान भी बढ़ा रहेगा. वार्म नाइट का अलर्ट है.
जबलपुर, सिवनी में बारिश, कई जिलों में आंधी
बुधवार को जहां एक तरफ आधे से ज्यादा प्रदेश में भीषण गर्मी देखने को मिली. वहीं दूसरी ओर जबलपुर, सिवनी जिलों में बारिश हुई. इसके साथ कई जिलों में आंधी-तूफान और बादल छाए रहे. हालांकि अगले 5 दिनों में इन जिलों मे भी गर्मी देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: Bhopal: पूर्व मंत्री संजय पाठक ने SP को लिखा पत्र, उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ मामला दर्ज करने की उठाई मांग
