Vistaar NEWS

MP News: उप नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्‍तीफे के बाद हेमंत कटारे ने तोड़ी चुप्‍पी, बोले- भाजपा वालों को खुश होने की जरुरत नहीं

hemant katare

कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे

MP News: मध्‍य प्रदेश के भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने कल एमपी विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्‍तीफा दे दिया है. कटारे ने अपने त्यागपत्र में लिखा कि परिवारिक जिम्‍मेदारियों और क्षेत्र की जनता को पर्याप्‍त समय नहीं दे पा रहा हूं, इसके चलते अपने दायित्व से त्याग दे रहा हूं. हालांकि उन्‍होंने कांग्रेस की सदस्‍यता नहीं छोड़ी है.

इस्‍तीफे के बाद हेमंत कटारे ने ताेड़ी चुप्‍पी

उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्‍तीफा देने के बाद से ही राजनीतिक गलयारों में चर्चा तेज हो गई. इन चर्चाओं पर विराम लगाने के लिए आज उन्‍होंने सोशल मीडिया प्‍लेटफार्म एक्स पर एक पोस्‍ट करते हुए अपने इस्‍तीफे पर चुप्‍पी तोड़ी है. उन्‍होंने लिखा कि कांग्रेस मेरे स्वर्गीय पिताजी की विरासत है. और हां मेरे फोन न उठाने पर कृपया भारी-भरकम क़यास ना लगायें. उन्‍होंने आगे लिखा की शादी की सालगिरह पर परिवार के साथ समय बिताना कोई राजनीतिक साज़िश नहीं बल्कि मेरा मूलभूत और संवैधानिक अधिकार भी है.

हेमंत कटारे ने आगे लिखा कि कभी कभी नेता भी इंसान होता है. अब ज़रा ध्यान से सुन लो भाजपाइयों, ज़्यादा खुशफहमी पालने की ज़रूरत नहीं है. सोमवार से सदन में पूरी तैयारी, पूरे दस्तावेज़ और पूरी ताकत के साथ उपस्थित रहूंगा और हमेशा की तरह आपको धोने का कार्य करूंगा. चाहे मुद्दा गोमांस का हो, इंदौर के भागीरथपुरा का हो, शंकराचार्य जी के अपमान का हो, या ज़हरीली हवा-दवा-पानी और सरकार के भ्रष्टाचार का हर विषय पर तर्क, प्रमाण और जनता की आवाज़ के साथ आपके भ्रष्टाचार की परतें खोलूंगा. उन्‍होंने लिखा कि तैयारी मजबूत रखिएगा. क्योंकि मैं पद से नहीं, जनता के विश्वास से ताकत लेता हूंऔर वही विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति है.

राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा इस्‍तीफा

विधायक हेमंत कटारे ने सदन की कार्यवाही के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्‍तीफा भेजा. उन्‍होंंने इस्‍तीफे में कहा कि परिवारिक जिम्‍मेदारियों और क्षेत्र की जनता को पर्याप्‍त समय नहीं दे पा रहा हूं, इसके चलते अपने दायित्व से त्याग दे रहा हूं. उन्‍होंने आगे कि संगठन जिस किसी को भी यह जिम्मेदारी सौंपेगा, उन्हें उसका पूरा समर्थन रहेगा. उन्होंने यह भी लिखा कि पार्टी ने उन्हें इस पद के योग्य समझा, इसके लिए वे आभार व्यक्त करते हैं.

ये भी पढे़ं- MP News: कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने उप नेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा, पत्र में किया पारिवारिक कारणों का जिक्र

Exit mobile version