Bhopal News: राजधानी में होली पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं. शहर के अलग-अलग हिस्सों में करीब 1500 स्थानों पर होलिका दहन की व्यवस्था की जा रही है. नगर निगम और जिला प्रशासन की निगरानी में वार्ड स्तर पर अंतिम तैयारियां पूरी की जा रही हैं. कई क्षेत्रों में परंपरा के अनुसार निर्धारित मुहूर्त पर होलिका दहन होगा, जबकि प्रमुख स्थानों पर शुभ समय के अनुसार देर रात अग्नि प्रज्वलित की जाएगी.
पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
इस बार भी पर्यावरण संरक्षण और गोवंश संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए गोकाष्ठ से होलिका दहन को प्रोत्साहित किया जा रहा है. दैनिक भास्कर समूह और गोकाष्ठ संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के सहयोग से शहर में 47 स्थानों पर गोकाष्ठ की बिक्री के लिए केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि लोग लकड़ी की बजाय पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपना सकें.
