Indore: इंदौर में दुल्‍हन लेकर लौट रही कार भीषण सड़क हादसे का शिकार, 3 लोगों की मौत, कई घायल

Indore News: इंदौर में दुल्हन को लेकर लौट रही बारात की कार अचानक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
Indore road Accident

इंदौर सड़क हादसा

Indore News: इंदौर के देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. दुल्हन को लेकर लौट रही बारात की कार अचानक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

चालक की लापरवाही से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि कार में कुल 11 लोग सवार थे, जो शादी समारोह से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि हादसे में शामिल ट्रक में भूसा भरा था और उसका चालक लापरवाही से तेज गति में वाहन चला रहा था. अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही कार संभल नहीं पाई और दुर्घटना हो गई.

मृतकों की पहचान

इस हादसे में इरफान, आरिश और फरहान मेव की मौके पर ही जान चली गई. तीनों सदर बाजार इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

गुस्साए लोगों ने किया हंगामा

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपी वाहन के खिलाफ गुस्सा जताया. कुछ लोगों ने वाहन को आग के हवाले करने की भी कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही खुड़ैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर लोगों को शांत कराया और यातायात को फिर से सुचारु कराया. एएसपी रूपेश द्विवेदी के अनुसार, परिजनों के आरोपों के आधार पर ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है.

मौत के आंकड़ों पर गहराया विवाद

परिजनों का दावा है कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें फरहान, आरिश, अरबाज और इरफान शामिल हैं, जबकि पुलिस ने फिलहाल तीन मौतों की पुष्टि की है. मृतकों की उम्र 17 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है और सभी एक ही परिवार या पड़ोस से जुड़े हुए थे.

ये भी पढे़ं- MP News: पिता की राइफल से खुद को मार ली गोली, आत्महत्या से पहले वीडियो कॉल कर की थी परिवार से बात

ज़रूर पढ़ें