MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर दिखाई देने लगा है. खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र के इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मंगलवार को प्रदेश के 35 जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. सबसे ज्यादा गर्मी धार, नर्मदापुरम, खरगोन, खंडवा और रतलाम में रही. माैसम विभाग ने बताया कि होली के दिन यानी आज मौसम साफ रहने वाला है.
इन जिलों में सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक धार में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नर्मदापुरम में 35.4 डिग्री, खरगोन में 35.2 डिग्री, खंडवा में 35.1 डिग्री और रतलाम में 35 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, शाजापुर, गुना, टीकमगढ़, दमोह, सागर, सतना, मंडला, छतरपुर, सिवनी, उमरिया, सीधी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और रायसेन सहित कई जिलों में भी तापमान 33 डिग्री या उससे अधिक रहा.
चार दिन में और बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में संभावना है कि मार्च के पहले ही पखवाड़े में कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाए. हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है.
होली के दिन मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार होली के दिन प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप खिलने की संभावना है. कहीं भी बारिश या बादल छाने के आसार नहीं हैं. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है.
दिन के साथ रातें भी गर्म
प्रदेश में दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है. सोमवार और मंगलवार की रात कई जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया. जबलपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, नरसिंहपुर, गुना, धार, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, रतलाम और श्योपुर में रातें अपेक्षाकृत गर्म रहीं. इनमें धार में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 18.4 डिग्री और खंडवा में 18 डिग्री दर्ज किया गया.
अप्रैल-मई में चल सकती है लू
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मार्च में लू चलने की संभावना नहीं है, लेकिन अप्रैल और मई में हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है. अनुमान है कि इन महीनों में 15 से 20 दिनों तक लू चल सकती है, जबकि फिलहाल मार्च के शुरुआती दिनों में केवल तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है.
6 मार्च से एक्टिव होगा नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जो 6 मार्च से प्रभावी हो सकता है. इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार बन सकते हैं.
ये भी पढे़ं- MP Weather Update: अप्रैल-मई में तपेगा एमपी, 15 से 20 दिनों तक चलेगी लू, मार्च में गर्मी के साथ बारिश के आसार
