MP News: पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से किया हमला, गंभीर घायल महिला को अस्पताल में किया भर्ती, आरोपी गिरफ्तार
अस्पताल में भर्ती पत्नी
रिपोर्ट – सचिन राठौड़, इंदौर
MP News: बड़वानी जिले के अंजड़ में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. शुक्रवार को घायल महिला को अंजड़ सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया.
पति-पत्नी के बीचा हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, अंजड़ के बड़दा बसाहट निवासी अनिता पति परसराम कोली को गंभीर घायल अवस्था में निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने हमला किया.
पत्नी की बहन ने लगाए आरोप
घायल अनिता की बहन शर्मिला चौहान ने आरोप लगाया है कि अनिता और उसका पति पिछले एक साल से अलग रह रहे थे. उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक पति के साथ और दूसरा अनिता के साथ रहता है. दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, और पति पहले भी अनिता के साथ मारपीट कर चुका है.
शर्मिला चौहान के अनुसार, इन विवादों को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी, जिसमें जमीन का बंटवारा किया गया था. अब अनिता का पति उसे जमीन से बेदखल कर गांव से भगाना चाहता है, ताकि अनिता के हिस्से में आई जमीन उसे वापस मिल जाए. इसी कारण वह आए दिन झगड़ा और मारपीट करता था.
पति ने अचानक किया पत्नी पर हमला
आज अचानक पति ने अनिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. अनिता की बहन ने आरोपी पर कठोर कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि उनका कहना है कि पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
सूचना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस
घायल महिला का उपचार मेडिकल ऑफिसर डॉ. रोहित मंडलोई और डॉ. अरविंद पिपलिया द्वारा शुरू किया गया. सूचना मिलते ही अंजड़ थाना प्रभारी आर.आर. चौहान पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढे़ं- बड़वानी में घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद 2 राहगीर आपस में भिड़े, राहवीर योजना के 25 हजार पर किया दावा