भोपाल में आईआईएमसी एलुमनी का ‘कनेक्शन्स 2026’: एक्टर चंदन रॉय बने ‘एलुमनी ऑफ द ईयर’
आईआईएमसी एलुमनी का ‘कनेक्शन्स 2026
MP News: भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) एलुमनी एसोसिएशन के मध्य प्रदेश चैप्टर का वार्षिक मिलन समारोह “कनेक्शन्स 2026” भोपाल में उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित हुआ. कार्यक्रम में लोकप्रिय ओटीटी सीरीज ‘पंचायत’ से चर्चित अभिनेता चंदन रॉय को ‘एलुमनी ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
चंदन रॉय ने पत्रकारिता से की थी करियर की शुरुआत
आईआईएमसी के पूर्व छात्र रहे चंदन रॉय ने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी और आज वे अभिनय की दुनिया में एक सशक्त पहचान बना चुके हैं. इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से संस्थान के पूर्व विद्यार्थी बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचे और कार्यक्रम में सहभागिता की.
समारोह की अध्यक्षता मध्य प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. आशीष जोशी ने की. कार्यक्रम में संस्थान के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी, उपाध्यक्ष दीप्ति चौरसिया, पूर्व अध्यक्ष अनिल सौमित्र, महासचिव मानसी समाधिया, वरिष्ठ एलुमनी दिनेश कुमार, पी.के. मोहंती तथा सिद्धार्थ सामल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे.
सभी वक्ताओं ने अपने-अपने पेशेवर अनुभव साझा करते हुए संवाद, सहयोग और नेटवर्किंग (संपर्क-संवर्धन) की इस परंपरा को और मजबूत करने पर जोर दिया. वक्ताओं ने आईआईएमसीएए को एक सशक्त और प्रभावी संगठन बनाने का श्रेय इसके सह-संस्थापक रितेश वर्मा को दिया.
आईआईएमसी जीवन में महत्वपूर्ण कड़ी – चंदन रॉय
अपने संबोधन में चंदन रॉय ने संघर्षपूर्ण यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आईआईएमसी उनके जीवन की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा, जिसने उनके अभिनय के सपने को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाई.
वहीं प्रोफेसर संजय द्विवेदी ने कहा कि आईआईएमसी के योगदान के बिना भारतीय पत्रकारिता का इतिहास अधूरा रहेगा. पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल सौमित्र ने अपने अनुभवों से सभी को प्रेरित किया और संगठनात्मक ऊर्जा को नई दिशा दी.
कार्यक्रम के सफल संचालन में अंकित फ्रांसिस, कोमल बडोडेकर और अनंत सिंह सहित कई सक्रिय सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
समारोह का समापन आत्मीय संवाद, रोचक किस्सों और स्मृतियों के आदान-प्रदान के साथ हुआ. इस अवसर पर सभी सदस्यों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निरंतर करते रहने का संकल्प भी लिया.
ये भी पढे़ं- हिंदू बेटी का मुस्लिम पिता देगा कन्यादान! शादी का कार्ड देखते ही भर आएंगी आंखें, जानिए अनाथ नंदिनी की पूरी कहानी