Vistaar NEWS

धार में बेखौफ हुए बदमाश, व्‍यापारी की घर में घुसकर कर दी हत्या, पत्नी को बंदक बनाकर पीटा, लाखों के गहने और नकदी लेकर हुए फरार

Dhar News

बदमाशों ने घर में घुसकर की चोरी

MP News: मध्‍य प्रदेश के धार जिले में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है. जिले में होने वाली सभी घटनाएं पुलिस व्‍यवस्‍था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है. ऐसी ही एक घटना राजोद थाना क्षेत्र के गोंदी खेड़ा चारण गांव में हुई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है.

घर में देर रात घुसे बदमाश

जानकारी के अनुसार, मिर्ची व्‍यापारी देवकृष्‍ण पुत्र लक्ष्‍मण पुरोहित के घर में बीती रात करीब 1 से 2 बजे के बीच 8 से 10 अज्ञात बदमाश घुस गए. उस दौरान देवकृष्‍ण अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहे थे. सभी बदमाश कमरे में सो रहे पत‍ि-पत्नी के पास पहुंचे और दंपति को बंधक बना लिया.

पत्नी को बनाया बंधक और बेरहमी से की मारपीट

बदमाशों ने पहले पति-पत्नी के साथ जमकर मारपीट की बाद में पत्नी को जबरन दूसरे कमरे में बंद कर दिया. बदमाशों ने इस दौरान घर में रखे आभूषण और नकदी की जानकारी पत्नी से मांगी गई, पत्नी ने डर के कारण बदमाशों को गहनों की जानकारी दे दी और कहा कि वे सारा सामान ले जाएं, इसके बाद भी बदमाशों ने अपनी क्रुरता दिखाई और महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की.

व्‍यापारी की हत्या

आरोपियों ने व्‍यापारी देवकृष्‍ण पुरोहित को दूसरे कमरे में लेकर उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और लगातार आरोपियों ने देवकृष्‍ण के साथ मारपीट की. गंभीर चोट आने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई. देवकृष्‍ण की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्‍य सदस्‍य भी जाग गए, लेकिन हथियारबंद बदमाशों के सामने कोई कुछ नहीं कर पाया.

लाखों के आभूषण लेकर फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में रखे लाखों रुपये नकद और आभूषण को लूटकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस दी. सूचना के बाद मौके पर देर से पहुंचने को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश बढ़ गया. मामले में गंभीर रूप से घायल देवकृष्‍ण को सरदारपुर के सामुदयिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाके के दौरान उनकी मौत हो गई.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद धार एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर, सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, राजोद थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्‍क्वावायड मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है.

इलाके में बढ़ा आक्रोश

इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में लोगों के भीतर आक्रोश भर गया है. लोगों का कहना है कि जिले में लगातार बढ़ रही लूट और हत्या की घटनाओं ने लोगों के अंदर भय पैदा कर दिया है और पुलिस इस पर नियत्रंण पाने में पूरी तरह से असफल होती नजर आ रही है.

ये भी पढे़ं- भोपाल में नाबालिग से गैंगरेप में नया मोड़! विदिशा के बिल्डर और बैंककर्मी भी संदेह के घेरे में, कमिश्नर बोले- सबूत मिलने पर होगी कार्रवाई

Exit mobile version