Vistaar NEWS

MP News: शिवपुरी में चालान पर विवाद, भाजपा जिलाध्‍यक्ष बोले- इतनी कार्रवाई कर रहे हो कि मुंह छिपाकर निकलना पड़ रहा

Traffic fine dispute in Shivpuri

शिवपुरी में चालान विवाद

MP News: शिवपुरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है. जिले के रन्नौद थाने के बाहर शनिवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चालान काटे थे उसको लेकर एक बड़ा बवाल हो गया है. चालान का विवाद इतना बढ़ा हो गया कि भीड़ ने आरक्षक के सा‍थ मारपीट कर दी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी. भीड़ यही नहीं रूकी आरक्षक का पत्थर से सिर भी फोड़ दिया. इसके बाद रात करीब 11 बजे भाजपा के जिलाध्‍यक्ष जसवंत जाटव मौके पर पहुंचे और पुलिस के आधिकारियों को जमकर फटकार लगाई, जिसके बाद धरना रात करीब ढाई बजे तक चलता रहा.

धरने के दौरान भाजपा जिलाध्‍यक्ष जसवंत जाटव ने पुलिस के अधिकारियों को आड़े हाथों लिया. उन्‍होंने थाना प्रभारी और एसडीओपी से कहा कि आपने भाजपा और उसकी सरकार को डिब्बे में डाल रखा है. इतनी चालानी कार्रवाई कर रहे हो कि मुझे मुंह छिपाकर निकलना पड़ रहा है. जिलाध्‍यक्ष जसवंत जाटव ने थाना प्रभारी को तत्काल सस्‍पेंड करने और दोषी आरक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.

एक परसेंट भी गलती हुई हो तो अभी इस्‍तीफा दे दूंगा- टीआई

जिलाध्‍यक्षों के ऐसे तीखे तेवरों को देखते हुए रन्नौद थाना प्रभारी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अगर एक प्रतिशत भी मेरी गलती पाई जाती है तो मैं तुरंत इस्‍तीफा देने के लिए तैयार हूं. उन्‍होंने कहा कि पूरे परिसर में कैमरे लगे हैं, आप देख सकते हैं.

दरअसल, घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. रन्नौद थाने के बाहर पुलिस चेकिंग कर रही थी. म्याना क्षेत्र निवासी मनोज जाटव अपनी कार से वहां पहुंचे थे. कार में उनकी गर्भवती पत्नी और अन्‍य लोग सवार थे. पुलिस ने सीट बेल्‍ट और दस्‍तावेजों की जांच कर चालान काट दिया. इसी दौरान मनोज का साला निलेश जाटव नि‍वासी रन्नौद अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और विरोध करने लग गया. थोड़े समय बाद देखते ही देखते कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई.

आरक्षक की फाड़ दी वर्दी

आरोप है कि भीड़ मे शामिल महिला-पुरुषों ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक अवधेश शर्मा को घेरकर उसके साथ मारपीट कर दी. इस दौरान आरक्षक के सिर पर पत्थर मार दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इस पूरे घटनाक्रम का एक 9 से‍केंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरक्षक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है.

गर्भवती महिला के साथ मारपीट का आरोप

इस मामले में जाटव परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने पहले उनके साथ मारपीट की थी, जिससे चलते एक गर्भवती महिला और बच्‍चे को चोट आई है. इसी बात के गुस्‍से में उन्‍होंने चक्काजाम किया. हालांकि इस घटना के बाद एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है. इस वीडियो में महिला अपने बच्‍चे के साथ सामान्‍य रूप से धूमती नजर आ रही है.

एएसपी ने भरोसा दिलाकर कराया धरना खत्म

इस हंगामें को देखते हुए आसपास के थानों का बल भी मौके पर बुलाना पड़ गया. जिसके बाद देर रात एडिशनल एसपी संजीव मूले ने मौके पर पहुंचकर निष्‍पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर रात 2:39 बजे धरना समाप्‍त किया गया. एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों की एमएलसी कराई गई है, इस मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- Ken-Betwa Link Project 2029 तक पूरा करना है तो 24 घंटे काम की अनुमति दें, कंपनी ने सरकार को दिया प्रपोजल

Exit mobile version