Vistaar NEWS

Indore: ‘कर्ज में डूबा नगर निगम, फिर क्यों खोदी जा रहीं सड़कें?’ चौपाल में महिला ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को खूब सुनाया

Woman furious at mayor

महापौर पर भड़की महिला

Indore News: इंदौर में ‘संकल्प से समाधान’ जनता चौपाल के दौरान एक स्थानीय रहवासी महिला महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर भड़क उठी और उन्होंने तीखे सवाल पूछ लिए. दरअसल, लोगों की समस्याएं जानने के लिए वार्ड 84 में आयोजित इस चौपाल में सुनवाई के दौरान महिला ने महापौर से सवाल करते हुए कहा कि जब नगर निगम कर्ज में डूबा हुआ है, तो बार-बार सड़कों का निर्माण कार्य उन्हें दोबारा खोदकर क्यों किया जा रहा है.

महिला की बेबाकी पर चौपाल में बजी तालियां

महिला ने अधूरे काम, धूल और बदहाल हालात का जिक्र करते हुए महापौर समेत सभी जिम्मेदारों से जवाब मांगा. महिला की बेबाकी पर चौपाल में मौजूद लोगों ने उनकी खूब तारीफ की और पूरे चौपाल में तालियां गूंज उठीं. कुछ देर के लिए ऐसा लगा मानो मंच पर बैठे जवाबदारों का सच में साक्षात्कार हो गया हो. इस पूरे मामले में जनता की आवाज ने सीधे जवाबदेही की मांग कर दी.

महिला ने महापौर से किया सीधा संवाद

महापौर से महिला ने सीधा संवाद करते हुए आग्रह किया कि वे गाड़ी में बैठकर निरीक्षण करने के बजाय लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें. महिला ने कहा कि इलाके में एक गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा था, जिससे कई लोग हादसे का शिकार हुए, लेकिन उसे महापौर के आने से कुछ मिनट पहले ही जल्दी-जल्दी ठीक किया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि यह काम पहले क्यों नहीं हुआ.

महिला के सवालों का महापौर ने दिया जवाब

महापौर ने कहा कि उनके दौरे का असर दिखे, इसलिए वे निरीक्षण करते हैं. महिला ने जवाब देते हुए कहा कि यदि महापौर का नाम ही प्रभावी है, तो उन्हें आने की जरूरत ही नहीं पड़नी चाहिए और काम पहले से ही होना चाहिए. उन्होंने नगर निगम की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जब निगम पर कर्ज है, तो अच्छी सड़कों और ब्लॉकों को तोड़कर दोबारा बनाने की क्या जरूरत है. उन्होंने यह भी कहा कि पहले से ठीक गार्डन को तोड़ने के बजाय थोड़ा सुधार कर बेहतर बनाया जा सकता था.

महिला ने पूर्व विधायक का दिया उदाहरण

महिला ने पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह गौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वे गाड़ियों में घूमने के बजाय लोगों के बीच रहते थे और घर-घर जाकर समस्याएं सुनते थे, इसलिए आज भी लोग उन्हें याद करते हैं. उन्होंने महापौर से अपील की कि पार्षदों को भी घर-घर जाकर लोगों की दिक्कतें समझने के लिए कहा जाए.

महापौर ने महिला की बातों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि ऐसे सुझावों पर जरूर काम किया जाएगा और समस्याओं के समाधान की कोशिश की जाएगी. महिला ने अंत में कहा कि अब वह देखेगी कि इन बातों पर कितनी गंभीरता से काम होता है. इसके बाद महिला ने महापौर का धन्यवाद किया.

ये भी पढ़ें- Indore के MY अस्पताल का वीडियो वायरल होने के बाद सख्ती, डीन ने जारी किया कारण बताओ नोटिस, यहां जानें पूरा मामला

Exit mobile version