MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में एक दुखद घटना हो गई. शुक्रवार को डबरा में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण की कथा में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. बुजुर्ग 11 फरवरी को उत्तर प्रदेश के इटावा से कथा सुनने के लिए आई थीं और अपने एक रिश्तेदार के घर रुकी थीं. हर दिन कथा सुनने के लिए डबरा आती थीं.
पंडाल में बैठते ही बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कथा शुरू होन से थोड़ी देर पहले ही पुष्पा देवी(65) पंडाल में बैठी थीं. लेकिन पंडाल में बैठते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई. अटैक आने के बाद परिजनों ने उन्हें सीपीआर देने की भी कोशिश की. इसके बाद उन्हें कथा परिसर में बने अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बता दें पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के नवग्रह मंदिर में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा चल रही है. बताया जा रहा है कि पुष्पा देवी को पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी थी और उनका इलाज चल रहा था.
कलश यात्रा के दिन भी मच गई थी भगदड़
पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का शुक्रवार को आखिरी दिन था. डबरा में नवग्रह मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के तहत प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन किया गया है. 10 फरवरी को कलश यात्रा शुरू होने से पहले ही भगदड़ मच गई थी. भगदड़ में 70 साल की बुजुर्ग की मौत हो गई थी. जबकि बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए थे. कलश यात्रा में कलश बांटे जा रहे थे, उसी वक्त अचानक भगदड़ मच गई थी. इस भगदड़ में सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों पर लापरवाही करने का आरोप भी लगा था.
अब कल यानी 14 फरवरी से यहां कवि कुमार विश्वास राम कथा सुनाएंगे. ये कथा 14 फरवरी से 16 फरवरी तक चलेगी.
ये भी पढे़ं: MP News: मानहानि केस वापसी के बाद पिघली बर्फ! लोकसभा सत्र के बीच शिवराज सिंह चौहान और विवेक तन्खा की मुलाकात
