Bhopal News: श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच T20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला होने वाला है. आज 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में यह मैच खेला जाएगा. इस मैच के लिए देश भर में फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हैं. इस बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खास तैयारी की गई है. यहां कई प्रमुख रेस्टोरेंट, पब, क्लब और कैफे में बड़ी-बड़ी LED स्क्रीन लगाई गई है, जहां मैच की लाइव स्क्रीनिंग की जाएगी. इसके अलावा युवाओं के लिए खास ऑफर और थीम आधारित सजावट भी की गई है. कई जगहों पर पहले से ही बुकिंग शुरू हो चुकी है और ज्यादातर स्थानों पर सीटें लगभग पूरी भर चुकी हैं.
भोपाल में मैच के लिए खास तैयारी
- भारत और पाकिस्तान के बीच न्यू मार्केट, एमपी नगर, अरेरा कॉलोनी, शाहपुरा और कोलार जैसे इलाकों के रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर हर बार की तरह इस बार भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है.
- वहीं, कुछ पबों में DJ के साथ मैच की लाइव स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है, जबकि परिवारों के लिए अलग-अलग बैठने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
पुलिस और प्रशासन भी मुस्तैद
इसके अलावा भोपाल में प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. शहर के मुख्य चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उज्जैन, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत अन्य जिलों से भी अतिरिक्त फोर्स भोपाल बुलाई गई है. साथ ही साथ सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अफवाह या उकसाने वाली सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
ये भी पढ़ें- MP Weather Update: 48 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, इन 8 जिलों में बारिश का अलर्ट
बता दें कि मैच का टॉस शाम 6:30 बजे होगा, जबकि मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा.
