Vistaar NEWS

Indore: इंदौर बायपास का होगा हाईटेक नवीनीकरण, 100 करोड़ से सुधरेगी सड़क और बढ़ेगी सुरक्षा, सांसद लालवानी ने की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात

Indore bypass

इंदौर बायपास

Indore News: इंदौर शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले इंदौर बायपास को जल्द ही अत्याधुनिक तकनीक के साथ नए सिरे से तैयार किया जाएगा. इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से करीब 100 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है. यह फैसला सांसद शंकर लालवानी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के बीच हुई मुलाकात के बाद लिया गया है. इस राशि से बायपास की खराब हो चुकी सड़क को जियोग्रिड तकनीक के जरिए मजबूत बनाया जाएगा, जिससे खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है.

23 साल पुरानी सड़क की हालत खराब

करीब 23 साल पहले बने इंदौर बायपास की सड़क कई स्थानों पर खराब हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढे बनने से हादसों का खतरा बढ़ गया है. सांसद शंकर लालवानी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को इस समस्या से अवगत कराया और बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग की हालत लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई थी.

केंद्र सरकार ने दी 100 करोड़ की मंजूरी

मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इंदौर बायपास और आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति की समीक्षा की और तुरंत 100 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी. इस राशि से सड़क की री-लेयरिंग का काम जल्द शुरू किया जाएगा ताकि मार्ग की गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों को बेहतर बनाया जा सके.

जियोग्रिड तकनीक से होगा नवीनीकरण

नवीनीकरण कार्य में जियोग्रिड तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जो सड़क की मजबूती और आयु को काफी बढ़ाने में मदद करती है. इस प्रक्रिया में सबसे पहले सड़क के नीचे जियोग्रिड की मजबूत परत बिछाई जाएगी, जो मिट्टी और सड़क के बीच स्थिरता बनाए रखेगी और दरारें या उखड़न जैसी समस्याओं को कम करेगी. इसके बाद ऊपर से डामर की नई परत डाली जाएगी, जिससे सड़क अधिक चिकनी और टिकाऊ बनेगी.

सफर होगा ज्यादा सुरक्षित और सुगम

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में इंदौर में सड़क और यातायात व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है. उनका कहना है कि बायपास के नवीनीकरण से न केवल सड़क की गुणवत्ता सुधरेगी बल्कि दोपहिया वाहन चालकों सहित सभी यात्रियों के लिए सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुगम हो जाएगा.

ये भी पढे़ं- MP शराब ठेके का पहला चरण, रिजर्व प्राइस से 173 करोड़ ज्यादा मिले; 5 जिलों में कोई टेंडर नहीं

Exit mobile version