Indore: इंदौर में खेलते-खेलते कार में छिपी 4 साल की मासूम बच्ची की भीषण गर्मी में आक्सीजन की कमी के चलते दम घुटने से मौत हो गई. मासूम करीब दो घंटे तक बंद कार में तड़पती रही, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी. जब तक परिजन उसे बाहर निकालते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मृतका बेबी हाजरा रविवार दोपहर घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी. वह कुछ ही देर पहले अपने दादा और दादी के साथ फॉर्म हाउस से वापस लौटी थी, इसी दौरान वह पास में खड़ी कार में जाकर बैठ गई.
खुद को सीटों के बीच छिपा लिया
खेल-खेल में बच्ची ने खुद को सीटों के बीच छिपा लिया, लेकिन अचानक कार का लॉक लग गया और वह अंदर ही कैद हो गई. रविवार को इंदौर का तापमान 43 डिग्री के करीब आंका गया जहां दोपहर की तेज गर्मी में बंद कार कुछ ही मिनटों में भट्टी जैसी हो गई. अंदर ऑक्सीजन कम होने लगी और मासूम का दम घुटने लगा.
परिवार को लगा कि बच्ची…
इधर परिवार को लगा कि बच्ची आसपास ही खेल रही होगी, लेकिन काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. करीब दो घंटे तक कॉलोनी और आसपास के इलाकों में बच्ची को ढूंढा गया. परिवार के लोग बदहवास होकर हर गली और घर में उसे तलाशते रहे. इसी बीच किसी ने शक जताया कि बच्ची कार के अंदर हो सकती है. जब परिजनों ने कार का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए.
कार की सीट पर बेसुध मिली बच्ची
मासूम बेबी कार की सीट पर बेसुध पड़ी थी. परिजन तुरंत उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक बंद कार में लंबे समय तक रहने से बच्ची का दम घुट गया था. बच्ची के पिता शहर के बड़े लोहा व्यापारी हैं. बेबी अपने तीन भाई-बहनों में दूसरे नम्बर की बेटी थी जबकि उसका छोटा भाई अभी मात्र आठ महीने का है.
सूचना मिलने पर जूनी इंदौर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: पति बना हैवान: मऊगंज में पत्नी पर दरिंदगी की इंतहा, मारपीट के बाद प्राइवेट पार्ट में घोंपी लोहे की सरिया, हालत नाजुक
