पति बना हैवान: मऊगंज में पत्नी पर दरिंदगी की इंतहा, मारपीट के बाद प्राइवेट पार्ट में घोंपी लोहे की सरिया, हालत नाजुक
मऊगंज में पति ने की पत्नी से हैवानियत
MP News: मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी के साथ ऐसी दरिंदगी की, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पारिवारिक विवाद के बीच आरोपी पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए लोहे की सरिया से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है, जबकि आरोपी पति मौके से फरार बताया जा रहा है.
घटना मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरी गांव की बताई जा रही है. घायल महिला को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया. वर्तमान में महिला गायनी विभाग के ICU में भर्ती है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
एक साल पहले हुई थी शादी, शुरू से चल रहा था विवाद
घायल महिला के पिता ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व गौरी गांव निवासी शैलेंद्र पटेल के साथ हुआ था. शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था. आए दिन होने वाले झगड़ों और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला लगभग एक माह पूर्व अपने मायके चली गई थी.
परिजनों के अनुसार गांव के पूर्व सरपंच और कुछ सामाजिक लोगों की समझाइश के बाद करीब 10 दिन पहले ही महिला को दोबारा ससुराल भेजा गया था. परिवार को उम्मीद थी कि अब दोनों के रिश्तों में सुधार आएगा, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह समझौता महिला की जिंदगी पर इतना भारी पड़ जाएगा.
समझौते के बाद फिर भड़का विवाद, पति ने दिखाई हैवानियत
बताया जा रहा है कि रविवार को पति-पत्नी के बीच एक बार फिर विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने पहले पत्नी के साथ जमकर मारपीट की और फिर लोहे की सरिया से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर तड़पती रही. परिजनों का आरोप है कि आरोपी पति महिला को अस्पताल पहुंचाने के बाद वहां से फरार हो गया. घटना के बाद से गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः एमपी में सिम खरीदने को लेकर किस बात का डर, महंगाई या फिर कुछ और वजह?
महिला की हालत गंभीर, इलाके में सनसनी
डॉक्टरों के मुताबिक महिला की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है. उसे लगातार निगरानी में रखा गया है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.