Indore Metro: इंदौर शहर के लिए एक बड़ी और खुशखबरी सामने आई है. शहर की मेट्रो ट्रेन अब अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ चुकी है. टीसीएस चौराहा से लेकर रेडिसन चौराहा तक 11.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर पर कमर्शियल रन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. यदि सभी जरूरी अनुमतियां समय पर मिल जाती हैं, तो फरवरी महीने में ही इस रूट पर मेट्रो का कमर्शियल संचालन शुरू किया जा सकता है.
सेफ्टी ट्रायल किए जा रहे हैं
इंदौर मेट्रो परियोजना को लेकर लंबे समय से शहरवासियों को जिस पल का इंतजार था, वह अब बेहद करीब नजर आ रहा है. टीसीएस चौराहा से लवकुश चौराहा होते हुए रेडिसन चौराहा तक बनाए गए इस मेट्रो कॉरिडोर की लंबाई लगभग 11.5 किलोमीटर है. इस पूरे रूट पर ट्रैक, स्टेशन, सिग्नलिंग और बिजली आपूर्ति से जुड़े अधिकतर कार्य पूरे हो चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी परीक्षण और सेफ्टी से जुड़े ट्रायल भी सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं.
तकनीकी स्तर पर जांच पूरी
मेट्रो प्रबंधन की मानें तो इस कॉरिडोर पर ट्रेन की स्पीड, ब्रेकिंग सिस्टम, ऑटोमैटिक सिग्नल और प्लेटफॉर्म से तालमेल की गहन जांच की जा चुकी है. अब केवल अंतिम मंजूरी का इंतजार है. जैसे ही कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे से अनुमति मिलेगी, वैसे ही आम यात्रियों के लिए मेट्रो के दरवाजे खोल दिए जाएंगे.
लोगों को ट्रैफिक मिलेगी निजात
इस रूट पर मेट्रो शुरू होने से शहर के ट्रैफिक पर भी बड़ा असर पड़ेगा. टीसीएस चौराहा, लवकुश चौराहा और रेडिसन चौराहा जैसे व्यस्त इलाकों में रोजाना जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी. खासतौर पर आईटी हब, व्यवसायिक क्षेत्रों और होटल जोन से जुड़े यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा.
आधुनिक यातायात व्यवस्था, पर्यावरण का संरक्षण
इंदौर मेट्रो न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगी. मेट्रो के शुरू होते ही निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी, जिससे ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.
ये भी पढ़ें: भोपाल में नाबालिग से कार में दुष्कर्म, आरोपी वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल, धर्म बदलने का बनाया दबाव
कुल मिलाकर, टीसीएस चौराहा से रेडिसन चौराहा तक मेट्रो का कमर्शियल रन इंदौर के विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है. अब शहरवासियों की निगाहें फरवरी महीने पर टिकी हैं, जब इंदौर मेट्रो की यह रफ्तार हकीकत में दौड़ती नजर आ सकती है.
