Vistaar NEWS

EMI भरने के लिए चुराईं भैंसें, ढोने के लिए उसी मिनी ट्रक का किया इस्तेमाल, ज‍िसकी भरनी थी किस्‍त, ऐसे खुला राज

The police arrested four accused.

पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा

MP News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मवेशी चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है. ऊन थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने मिनी ट्रक की किस्त भरने के लिए पांच मवेशी चोरी किए. हैरानी की बात यह है कि चोरी किए गए मवेशियों को ले जाने के लिए आरोपियों ने उसी मिनी ट्रक का इस्तेमाल किया, जिसकी EMI चुकाने के लिए उन्होंने यह वारदात की थी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार भैंस, एक भैंस का बच्चा और मिनी ट्रक बरामद किया है. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 15.40 लाख रुपये बताई गई है.

मामला 2 और 3 अगस्त की दरमियानी रात ऊन थाना क्षेत्र के लिक्खी नयनागर गांव का है. गांव के रहने वाले रामकरण ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास बने पशु बाड़े में बंधी चार भैंस और एक भैंस का बच्चा अचानक गायब हो गए. शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया. इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद भूरू खान और उसके भाई मुश्ताक उर्फ काला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.

आर्थिक परेशानी के चलते बनाई चोरी की योजना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों भाइयों ने कथित तौर पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर मवेशी चोरी करने की बात बताई. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने फाइनेंस पर मिनी ट्रक खरीदा था, लेकिन आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसकी किस्तें जमा करने में परेशानी आ रही थी. इसी दबाव में उन्होंने मवेशी चोरी कर उन्हें बेचने और उससे मिलने वाले पैसों से ट्रक की EMI चुकाने की योजना बनाई.

चोरी के लिए अपने ही मिनी ट्रक का इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मवेशियों को चोरी करने के बाद कहीं और ले जाने के लिए किसी दूसरे वाहन का इंतजाम नहीं किया, बल्कि अपने ही मिनी ट्रक का इस्तेमाल किया. इसी वाहन से पांचों मवेशियों को ले जाया गया. पुलिस ने बाद में इसी मिनी ट्रक को भी जब्त कर लिया.

चारों आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

भूरू खान और मुश्ताक से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में नानसिंह चौहान (40) और सोमारिया (36) को भी गिरफ्तार किया. आरोपियों की निशानदेही पर चार भैंस और एक भैंस का बच्चा बरामद किया गया. पुलिस ने मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 4.40 लाख रुपये बताई है. इसके अलावा करीब 11 लाख रुपये कीमत का मिनी ट्रक भी जब्त किया गया. इस तरह पुलिस ने कुल करीब 15.40 लाख रुपये का सामान बरामद किया है.

दो आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक, भूरू खान और मुश्ताक का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है. दोनों के खिलाफ चोरी, मारपीट, विवाद और कथित अवैध पशु परिवहन से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि मवेशी चोरी की इस वारदात में किसी बड़े गिरोह या नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है.

ये भी पढे़ं- उज्जैन में बंदे का गजब का जुगाड़! महाकाल मंदिर में खोयी चप्पल, गोवा के शख्स ने AI से खोज निकाली

Exit mobile version