Vistaar NEWS

Indore: कोर्ट जाते समय आरोपियों ने किया ‘प्‍लास्‍टर ड्रामा’, जेल पहुंचते ही गायब हुई प्‍लास्‍टर-पट्टियां, जानें पूरा मामला

Accused staged a 'plaster drama'

आरोपियों ने किया 'प्‍लास्‍टर ड्रामा'

Indore News: इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है. मेडिकल स्टोर के बाहर मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पुलिस ने दो दिन पहले इलाके में जुलूस निकाला था. इस दौरान उनके हाथ और पैरों पर पट्टियां तथा प्लास्टर बंधे हुए दिखाई दिए, जिससे उनके घायल होने का आभास हो रहा था.

लेकिन जिला जेल पहुंचने के बाद सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए. वीडियो में आरोपी खुद अपने हाथ-पैरों से पट्टियां और प्लास्टर हटाकर उन्हें पास की झाड़ियों में फेंकते नजर आ रहे हैं.

वीडियो सामने आने के बाद उठे सवाल

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वायरल ऑडियो में कुछ लोगों के बीच कथित तौर पर पैसों के लेन-देन का जिक्र भी सुनाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि आरोपियों को केवल औपचारिकता के तौर पर पट्टियां बांधी गई थीं और इसके एवज में रकम लिए जाने की बात भी कही जा रही है. हालांकि, इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला दोपहिया वाहन और कार के बीच मामूली टक्कर से शुरू हुआ था. विवाद बढ़ने पर कार में तोड़फोड़ की गई और चालक के साथ मारपीट भी हुई. इस घटना के बाद पुलिस ने शोभित, मयंक, ओम समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश ने कहा है कि वायरल वीडियो की सत्यता, उसके समय और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी. जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, वायरल ऑडियो में 20 हजार रुपये के लेन-देन का दावा भी किया जा रहा है, जिसकी भी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढे़ं- Shivpuri: बेटे के कंधों पर बैठकर SP कार्यालय पहुंची बुजुर्ग मां, छोटे बेटे-बहू पर घर से निकालने का आरोप

Exit mobile version