Vistaar NEWS

शॉप से लाखों की अंग्रेजी शराब चुराई, फिर दुकान के पास बैठकर जाम लड़ाए; बड़वानी में CCTV कैमरे में कैद तस्वीरें

The accused escaped after stealing from an English liquor shop in Barwani.

बड़वानी में अंग्रेजी शराब की दुकान से चोरी करके आरोपी फरार हो गया.

Input- सचिन राठौर

MP News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. अंजड़ थाना क्षेत्र में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में सेंधमारी करके पहले तो बदमाशों ने लाखों की शराब चुरा ली. फिर दुकान के पास ही स्थित एक खेत में बैठकर महफिल जमाई. इसके बाद सभी ने बैठकर दारू पार्टी की. दारू चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें आरोपी शराब की पेटियां ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.

सुबह दुकान खोली तो शराब की पेटियां गायब थीं

पूरा मामला अंजड़ थाना क्षेत्र की राजपुर रोड का है. यहां स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शनिवार-रविवार की मध्य रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की. बताया जा रहा है कि चोर डेढ़ लाख से भी ज्यादा की अंग्रेजी शराब चुराकर ले गए. रविवार सुबह जब दुकान का स्टाफ दुकान खोलने पहुंचा, तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गया. दुकान से कई शराब की पेटियां गायब थीं. तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

मैनेजर बोला- शराब ही नहीं चुराई, खेत में बैठकर महफिल जमाई

अंग्रेजी शराब की दुकान के मैनेजर रंजन सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि चोर केवल शराब ही लेकर नहीं गए, बल्कि चोरी के बाद पास के एक खेत में बैठकर शराब भी पी है. घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्य इस ओर इशारा कर रहे हैं कि आरोपियों ने चोरी के तुरंत बाद ही कुछ बोतलें खोलकर सेवन किया. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

पुलिस बोली- जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी

अंजड़ थाना पुलिस के अनुसार, जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि फिलहाल जांच प्रभावित न हो, इसलिए ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती. जल्द ही मामले का खुलासा करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: Jabalpur: शादी से इनकार करने पर किया ब्लैकमेल, फोटो भेजकर तुड़वाया रिश्‍ता, थाने के सामने दो पक्षों में भिड़ंत, 16 पर FIR

Exit mobile version