Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा में सड़क किनारे स्थित एक दरगाह को हटाने को लेकर मंगलवार सुबह से जारी विवाद के बाद देर शाम करीब 8 बजे अचानक जिला प्रशासन, पुलिस बल और नगर निगम का भारी अमला मौके पर पहुंचा. चारों ओर के रास्ते बंद कर जेसीबी की मदद से महज 10 मिनट में दरगाह को हटा दिया गया. इसके बाद मलबे को नगर निगम की गाड़ी में भरकर वहां से हटाया गया और ट्रैफिक सामान्य करने की कार्रवाई की गई.
हालांकि, जैसे ही लोगों को प्रशासन की इस कार्रवाई की जानकारी मिली, मौके पर धीरे-धीरे भीड़ जुटने लगी. इसे देखते हुए पुलिस बल सक्रिय हुआ और आसपास तैनात जवानों ने भीड़ को मौके से हटाकर स्थिति नियंत्रित कर ली. कार्रवाई के बाद प्रशासन ने कहा कि उसका काम पूरा हो गया है.
इसी बीच शाम को हिंदू समाज से जुड़े कुछ संगठनों के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और दिन में हुई कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर और शहर काजी सैयद निसार अली के बीच हुई बहस पर आपत्ति दर्ज कराई. उनका आरोप था कि शहर काजी ने हिंदू मंदिरों को लेकर टिप्पणी की और सिटी मजिस्ट्रेट के साथ अभद्र व्यवहार किया. उन्होंने संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की.
जेसीबी से हटाई दरगाह, सामान्य हुआ ट्रैफिक
इसके बाद देर शाम करीब 8 बजे पुलिस बल ने चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर जेसीबी की मदद से दरगाह को हटा दिया. कुछ ही देर में ट्रैफिक भी सामान्य रूप से सुचारु कर दिया गया. कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने कहा कि दिन में जो काम अधूरा रह गया था, उसे अब पूरा कर दिया गया.
शहर में सुरक्षा के लिए लगाए गए फिक्स पिकेट
वहीं, खंडवा सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि मोघट थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है. इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था. पूरे शहर में भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत फिक्स पिकेट लगाए गए हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य है.
