Dhar News: (जफर अली की रिपोर्ट) धार जिले के धरमपुरी तहसील में राशन वितरण में लापरवाही पर प्रशासन ने कार्रवाई की है. ग्राम पिपलियाखुट में राशन दुकान के सेल्समैन द्वारा 4 महीने से राशन न देने की शिकायत पर दुकान को सील कर दिया गया है.
ग्रामीणों ने राशन ना देने का आरोप लगाया
ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि सेल्समैन मशीन पर अंगूठा तो लगवा लेता है, लेकिन राशन नहीं देते हैं. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए धरमपुरी तहसीलदार अंजलि गुप्ता रविवार को दल के साथ मौके पर पहुंची.
जांच के दौरान सेल्समैन दुकान पर अनुपस्थित मिला और फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका. दुकान में कई गंभीर अनियमितताएं भी पाई गईं. इस पर तहसीलदार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील करने की कार्रवाई की.
कई गांवों से इसी तरह का मामला सामने आया
तहसीलदार अंजलि गुप्ता ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अब खाद्य विभाग द्वारा की जाएगी. वहीं, ग्राम डोंगरी, दसोड़ा और आसपास के गांवों से भी इसी तरह की शिकायतें सामने आई हैं. इन मामलों में दोषी सेल्समैनों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव बनाकर एसडीएम कार्यालय भेजा गया है, जो विचाराधीन है.
ये भी पढ़ें: धार: BJYM ने जारी की दूसरी सूची, धार ग्रामीण की कमान उज्ज्वल सोलंकी को सौंपी
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लापरवाह सेल्समैनों में हड़कंप मच गया है, वहीं ग्रामीणों ने जल्द राशन वितरण शुरू होने की उम्मीद जताई है.
