Vistaar NEWS

पिता 20 मिनट तक देता रहा CPR, फिर भी नहीं बची जान, फादर्स डे पर नर्मदा नदी में डूबे 7 साल के कृष्णा की मौत

dhar khalghat seven year old boy died due to drown in narmada river on father's day

खलघाट में 7 साल के बच्चे की डूबने से हुई मौत

Dhar News: (जफर अली की रिपोर्ट) फादर्स डे (21) के दिन एक पिता को जिंदगी का सबसे क्रूर घाव मिला. धार जिले के धामनोद के पास खलघाट नर्मदा घाट पर रविवार को 7 साल के मासूम कृष्णा की डूबने से मौत हो गई. जिस पिता ने उंगली पकड़कर चलना सिखाया था, उसी के सामने बेटे ने दम तोड़ दिया.

पीथमपुर से पहुंचे थे खलघाट

हरदा जिले के छोटा देवास गांव के रहने वाले रामशंकर पीथमपुर की एक निजी कंपनी में काम करते हैं. रविवार 21 जून को छुट्टी होने पर वे अपने मामा के लड़के अश्विन चौहान और दो बेटों 7 साल के कृष्णा उर्फ रमन और 5 साल के नारायण के साथ सुबह 11 बजे खलघाट नर्मदा दर्शन और स्नान के लिए पहुंचे थे.

मछलियों को दाना खिलाते समय पैर फिसला

परिजनों ने बताया कि कृष्णा घाट पर मछलियों को दाना खिला रहा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. परिजनों ने 10-15 मिनट तक खुद तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई.

20 मिनट तक CPR, फिर भी नहीं बची जान

सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने गोताखोरों की मदद से सर्चिंग शुरू की. बच्चा नदी किनारे मिला. डायल 112 के आरक्षक दीपक मंडलोई और पिता रामशंकर ने 20 मिनट तक लगातार CPR देकर बच्चे को बचाने की कोशिश की. तत्काल धामनोद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया.

ये भी पढ़ें: भोपाल को देश का पहला ‘मॉडल डिजिटल हेल्थ जिला’ बनाने की तैयारी, QR से पर्चा, एक क्लिक पर पूरी मेडिकल हिस्ट्री

5 घंटे तक नहीं कराया पोस्टमार्टम

बेटे का शव देख पिता रामशंकर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. घटना की खबर लगते ही पीथमपुर से बच्चे की मां भी धामनोद अस्पताल पहुंच गई. करीब 5 घंटे तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और मीडिया कर्मी परिवार को ढांढस बंधाते रहे. आखिर सबकी समझाइश पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए. डॉक्टर जगदीश देवड़ा ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया.

नगर पंचायत अध्यक्ष ने की मदद

पीड़ित परिवार की मदद के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विष्णु पाटीदार और करणी सेना के विशाल मंडलोई आगे आए. उन्होंने आर्थिक मदद कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई, जिससे शव को हरदा ले जाया जा सकें. फिलहाल धामनोद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

Exit mobile version