Indore Diljit Dosanjh Concert: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का धमाकेदार कॉन्सर्ट रविवार को इंदौर के सी-21 एस्टेट में होने वाला है. प्राइवेट जेट से दोसांझ इंदौर पहुंच चुके हैं और होटल मैरियट में ठहरे हुए हैं. इस कार्यक्रम को लेकर लोगों के बीच गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम में पोस्ट करके दोसांझ ने लिखा कि 35 घंटों की यात्रा और हम यहां आ गए. इंदौर हमने कर दिखाया. आखिरी में जय श्री महाकाल लिखा.
सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इंदौर एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए वीडियो शेयर किया. सिंगर दोसांझ ने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया. वहीं, कई लोग उनके स्कैच लेकर वहां खड़े हुए थे.
8 लाख तक टिकट का दाम
कॉन्सर्ट के लिए टिकट 1500 रुपये से लेकर 8 लाख रुपये तक बिके. सिल्वर टिकट की कीमत 1500 रुपये, गोल्ड टिकट 4500 रुपये है. वहीं, फैनपिट के लिए 10 हजार रुपये और RuPay लाउंज के लिए 15 हजार रुपये टिकट है. GOAT टेबल की कीमत 8 लाख रुपये है. जिसमें अधिकतम 10 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी. ये सीटिंग अरेंजमेंट एलीवेटेड व्यूइंग प्लेटफॉर्म पर होगा. खाने के साथ-साथ व्हिस्की, स्कॉच, वोदका, टकीला और बीयर परोसी जाएगी.
वहीं, Born To Shine टेबल की कीमत 5 लाख रुपये है. इसमें 10 लोग बैठ सकेंगे. सीटिंग अरेंजमेंट एलीवेटेड व्यूइंग प्लेटफॉर्म पर होगा. इन्हें भी स्कॉच, वोदका, टकीला और बीयर दी जाएगी. टिकट कैटेगरी के अनुसार दर्शकों को एंट्री दी जाएगी. कार्यक्रम स्थल निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इसे तीन जोनों में बांटा गया है. अलग-अलग कैटेगरी के लिए व्यवस्था की गई है.
कॉन्सर्ट के दौरान हेवी व्हीकल की नो एंट्री
दोसांझ का कॉन्सर्ट शाम 4 बजे से शुरू होगा. सिंगर रात 8 बजे मंच रक आएंगे. कार्यक्रम के लिए ट्रैफिक प्लानिंग की गई है. शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक आयोजन स्थल के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.
इन रास्तों से पहुंच सकेंगे दर्शक
- कनाड़िया से: पटेल नगर से खजराना मार्ग होते हुए पाकीजा कॉलेज के रास्ते RE-2 रोड़ पार्किंग तक
- रेडिसन चौराहा से: स्टार चौराहा और लाभ गंगा होते हुए आरई-2 तक
- VIP वाहन लाभगंगा-द पार्क होटल-पतंग तिराहा-दस्तूर डिलाइट होते हुए VIP गेट पार्किंग तक पहुंचेंगे.
230 ड्रोन से होगी निगरानी
कॉन्सर्ट से पहले बम ब्लास्ट की धमकी मिली. इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है. 700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. 230 ड्रोन से आयोजन स्थल की निगरानी की जाएगी. बम डिस्पोजल यूनिट भी तैनात रहेगी. इसके साथ ही 1000 से ज्यादा वॉलेंटियर मौजूद रहेंगे. ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7049107620 जारी किया गया है.
