Vistaar NEWS

इंदौर में गोरिल्ला ने पढ़ाया ट्रैफिक नियमों का पाठ! लोगों को सड़क पार कराया, जेब्रा क्रॉसिंग से कार हटवाया

indore: gorilla take charge traffic rules palasia square video viral police

इंदौर: गोरिल्ला ने संभाला ट्रैफिक का जिम्मा

Indore News: इंदौर की सड़कों पर रविवार (23 अगस्त) को अनोखा नजारा देखने को मिला. गोरिल्ला ट्रैफिक संभालता नजर आया. लोगों को ट्रैफिक के नियम समझाए. जेब्रा क्रॉसिंग से राहगीरों को सड़क पार करायी. इसके साथ ही रॉन्ग साइड जाने वाले वाहनों को सही दिशा इशारे से बताई.

क्या है पूरा मामला?

ट्रैफिक नियमों को लेकर इंदौर की जनता में जागरुकता पैदा करने के लिए पुलिस ने अनोखा तरीका अपनाया. शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहे पलासिया पर एक व्यक्ति गोरिल्ला की पोशाक पहनकर ट्रैफिक संभालता नजर आया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

गोरिल्ला ने चौराहे पर वाहनों को गलत दिशा से आने वाले वाहन चालकों को रोका और उन्हें सही दिशा में चलने का इशारा किया. इसके साथ ही जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन खड़े करने वालों को भी पीछे कराया गया. इस दौरान लोगों को बताया गया कि जेब्रा क्रॉसिंग पैदल यात्रियों के सुरक्षित सड़क पार करने के लिए होती है, वहां वाहन रोकना या खड़ा करना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है.

ये भी पढ़ें: इंदौर: मिड-डे मील खाने के बाद बिगड़ी 38 बच्चों की तबीयत, अरविंदो अस्पताल में कराया गया भर्ती

‘मैं जानवर हूं, फिर भी मुझे ट्रैफिक सेंस है’

इस अभियान का मैसेज भी अनोखा रहा, ‘मैं तो जानवर हूं, फिर भी मुझे ट्रैफिक सेंस है. तुम तो इंसान हो. ट्रैफिक नियम तोड़ोगे तो चोट लग सकती है, जान जा सकती है. जब मैं नियम समझ सकता हूं, तो तुम क्यों नहीं समझते?’

गोरिल्ला के इस अनोखे अंदाज ने चौराहे से गुजर रहे लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. अभियान के जरिए पुलिस ने लोगों को रॉन्ग साइड ड्राइविंग, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने की कोशिश की. अब इस अनोखे ट्रैफिक जागरूकता अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

Exit mobile version