MP News: मध्य प्रदेश के झाबुआ में क्षेत्र में बारिश की लंबी खींच और खेतों में सूखती फसलों को देखकर किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है, जिसके चलते ग्रामीण इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए अनूठे पारंपरिक टोटकों का सहारा ले रहे हैं. रायपुरिया में ग्रामीणों ने बारिश की आस में एक अनोखा टोटका करते हुए एक व्यक्ति को दूल्हे की तरह सजाकर उसके गले में जूतों की माला पहनाई और उसे गधे पर उल्टा बैठाकर पूरे नगर में जुलूस निकाला.
पारंपरिक टोटके की पुरानी परंपरा
इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक भाषा में गीत गाए और इस अनोखी बारात को नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मुक्तिधाम और श्मशान घाटों तक घुमाया गया. तलावपाड़ा निवासी निलेश भूरिया ने बताया कि जब-जब बारिश की लंबी खींच होती है, तब-तब ग्रामीण क्षेत्रों में उज्जैनी करने और दोपहर बाद ऐसे पारंपरिक टोटके करने की पुरानी परंपरा है, जिसे लेकर ग्रामीणों का अटूट विश्वास है कि ऐसा करने से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और जल्द ही बारिश होती है.
जीवित व्यक्ति की प्रतीकात्मक शवयात्रा भी निकाली
पेटलावद नगर में बारिश की कामना के लिए एक जीवित व्यक्ति की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई. प्रशासन और आधुनिक दौर के बीच आज भी ग्रामीण अंचलों में चली आ रही इन परंपराओं और टोटकों के जरिए किसानों की बारिश को लेकर गहरी आस्था और उनकी बेबसी साफ झलक रही है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसलें संकट में हैं और हर कोई झमाझम बारिश का इंतजार कर रहा है.
