इंदौर विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष का नया विवाद, महाकाल मंदिर के बाद खजराना के गर्भगृह में एंट्री

Rudraksh Shukla Khajrana Temple Controversy: महाकाल मंदिर के बाद इंदौर के प्रसिद्ध खजराना मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने का मामला सामने आया है. मामला बुधवार सुबह का बताया जा रहा है. ये सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Indore MLA Son Rudraksh Shukla Controversy

इंदौर: खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने की पूजा

Khajrana Temple Sanctum Entry Row: इंदौर विधानसभा क्रमांक 3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर चर्चा में हैं. उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा को लेकर चर्चा में रहने वाले विधायक पुत्र अब खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश के लिए सुर्खियों में हैं. एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे लग्जरी गाड़ियों से मंदिर परिसर में एंट्री करते हुए दिखाई रहे हैं. इसके साथ ही मंदिर के गर्भगृह के भीतर पूजा करते नजर आए. मामला बुधवार सुबह का बताया जा रहा है

कोरोना काल से गर्भगृह में प्रवेश बंद

खजराना गणेश मंदिर में कोरोना काल से आम श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश बंद है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब प्रवेश बंद है तो रुद्राक्ष शुक्ला ने एंट्री कैसे की? क्या मंदिर प्रबंधन ने इसकी अनुमति दी थी? क्या मंदिर में तैनात अधिकारियों या कर्मचारियों में से किसी ने मदद की थी? आखिर नियमों का उल्लंघन कैसे हुआ? इस घटना के बारे में मंदिर प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रुद्राक्ष शुक्ला ने किन परिस्थितियों और कैसे खजराना मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया.

महाकालेश्वर मंदिर में रील बनाने पर बवाल

कुछ दिनों पहले रुद्राक्ष शुक्ला उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए गए थे. उन्होंने मंदिर परिसर रील बनाई और नंदी हॉल में प्रवेश कर चांदी द्वार तक पहुंचे. सोशल मीडिया में रील के वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने एक्शन लिया. मंदिर में तैनात तीन गार्डों को सस्पेंड कर दिया और सुरक्षा कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. महाकाल मंदिर में रील्स, वीडियो और फोटो क्लिक करने पर प्रतिबंध है.

देवास में पुजारी से मारपीट

इससे पहले भी रुद्राक्ष शुक्ला विवादों में रहे हैं. देवास के चामुंडा देवी मंदिर में आधी रात 10 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे थे. जबरन मंदिर के पट खुलवाए थे और पुजारी के साथ मारपीट की थी. इस मामले ने तूल पकड़ा था. मामला बढ़ने पर उन्होंने थाने में सरेंडर किया था. इस मामले में बीजेपी ने रूद्राक्ष के पिता और विधायक गोलू शुक्ला को तलब किया था. गोलू शुक्ला ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से मुलाकात की थी. पार्टी ने साफ कहा था कि बेटे ने गलती की है तो जिम्मेदारी भी आपकी होगी.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें