Indore News: दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई. अधिकारियों ने 8 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों के 19 नमूने संग्रहित किए. इन सैंपलों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
काजू कतली, मावा और नमकीन के नमूने लिए
निरीक्षण के दौरान नमकीन क्लस्टर की मिठाई और नमकीन बनाने वाली इकाइयों की भी जांच की गई. टीम ने काजू कतली, मावा, घी, दही, सेव और नमकीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए. कार्रवाई के दौरान खराब क्रीम के दो टीन मौके पर ही नष्ट कराए गए.
कारोबारियों को दिए खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी. साथ ही कारोबारियों को वैध खाद्य पंजीयन और लाइसेंस के तहत ही व्यवसाय संचालित करने के निर्देश दिए गए. यह अभियान खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक के निर्देशन और कलेक्टर वर्मा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है.
छह महीने में 2051 खाद्य नमूनों की जांच
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक जिले में कुल 965 निरीक्षण किए गए. इस दौरान 2,051 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जिनमें 834 लीगल और 1,212 सर्विलांस नमूने शामिल हैं.
20 मामलों में दोष सिद्ध, 50 लाख रुपये का जुर्माना
इसी अवधि में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से जुड़े 38 मामले न्यायालय में पेश किए गए. इनमें से 20 मामलों में फैसला आया. सभी मामलों में दोष सिद्ध होने पर कुल 50 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया. विभाग की ओर से दीपावली के मद्देनजर निरीक्षण अभियान जारी है. जांच रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- सीधी में महुआ से बन रहे लड्डू, एक समय इसी से बनती थी शराब! भोपाल से लेकर इंग्लैंड बढ़ी डिमांड
