Vistaar NEWS

Indore News: इंदौर में दूषित पानी का कहर जारी, अहिल्या नगर-महावीर नगर में 10 लोग बीमार, बोरवेल में सीवरेज मिलने की आशंका

indore Contaminated Water

इंदौर में फिर दूषित पानी का मामला आया सामने

Indore News: भागीरथपुरा दूषित पानी कांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब शहर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित अहिल्या नगर और महावीर नगर क्षेत्र में दूषित पानी का गंभीर मामला सामने आया है. इलाके के एकमात्र बोरवेल में सीवरेज का पानी मिलने की आशंका के चलते घरों तक गंदा पानी पहुंचा, जिसे पीने के बाद बच्चों सहित करीब 10 लोग बीमार पड़ गए.

उल्टी-दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें

बीमार लोगों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें सामने आई हैं. रहवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नलों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा था, लेकिन समय रहते इसकी जांच और निगरानी नहीं की गई. लोगों का कहना है कि यदि निगम प्रशासन पहले सतर्कता बरतता तो यह स्थिति टाली जा सकती थी.

सीवर लाइन से पानी दूषित होने की आशंका

सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस पुराने बोरवेल से क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जा रही थी, उसके पास से गुजर रही सीवर लाइन के कारण पानी दूषित हुआ हो सकता है. अधिकारियों के अनुसार यह बोरवेल और सीवर लाइन पंचायत काल के समय की है.

पानी सप्लाई के लिए टैंकर तैनात

मौके पर पहुंचे निगम अधिकारियों ने बताया कि वार्ड 16 में नर्मदा जल प्रदाय व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण पुराने बोरवेल का उपयोग किया जा रहा था. बोरवेल के पानी के खराब होने की सूचना के बाद जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त बोरवेल खोदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और लोगों को पानी की आपूर्ति के लिए टैंकर लगाए गए हैं.

बीमार होने की शिकायतों की जांच जारी

नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में निगम की टीम लगातार मौजूद है और जरूरत के अनुसार टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुराने बोरवेल की तकनीकी जांच कराई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नया बोरवेल तैयार किया जाएगा. बीमार होने की सूचनाओं की भी जांच की जा रही है. फिलहाल एक बच्ची के गंभीर रूप से बीमार होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है.

ये भी पढ़ें-Indore News: इंदौर में 70 साल के मंदिर संचालक को 31 बार डंडे से पीटा, हुई मौत, आरोपी गिरफ्तार

लोगों को उबालकर पानी पीने की सलाह

वहीं नगर निगम ने पानी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं और एहतियात के तौर पर क्षेत्रवासियों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दूषित पानी के कारणों और जिम्मेदारियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. भागीरथपुरा के बाद सामने आए इस नए मामले ने शहर की पेयजल व्यवस्था और पुरानी जल आपूर्ति संरचनाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Exit mobile version