Vistaar NEWS

Indore: गूगल पर अमेजन का कस्टमर केयर नंबर खोजना पड़ा भारी, साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड से उड़ाए लाखों रुपये

Indore News

कनाड़िया थाना, इंदौर

Indore Cyber Crime News: इन दिनों साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है. कई लोगों के एक छोटी से गलती को ये ठग अपना हथियार बनाकर उनसे लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम देते हैं. हाल फिलहाल में गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर खोजना आजकल साइबर ठगी का एक बहुत बड़ा जरिया बन गया है, जिससे लोग अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं. ऐसा ही एक मामला एमपी के इंदौर से सामने आया है.

गूगल से निकाला था कस्टमर केयर का नंबर

​इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग साइट का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च करना एक महिला को भारी पड़ गया. फर्जी कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव ने महिला को बातों में उलझाकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल की और खाते से 2.96 लाख रुपये से अधिक की चपत लगा दी. कनाड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

पुलिस के अनुसार, गढ़ा हाउस कनाड़िया रोड निवासी रानी सिंह गढ़ा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने अमेजन ऐप से कुछ सामान ऑर्डर किया था. ऑर्डर कैंसिल होने पर रिफंड की जानकारी के लिए उन्होंने गूगल पर अमेजन कस्टमर केयर का नंबर 180012001571 खोजकर कॉल किया.​ फोन उठाने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को अमेजन का कर्मचारी बताया और झांसे में लेकर पीड़िता के क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली.

जब पीड़िता को हुआ ठगी का एहसास

इसके बाद शातिर ठग ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए पीड़िता को बातों में उलझाया और उनके ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड से कुल 2,96,239 रुपये के चार फर्जी ट्रांजेक्शन कर लिए.​ जब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत बैंक को कॉल कर अपना कार्ड ब्लॉक कराया. पड़ताल करने पर यह भी सामने आया कि ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर कॉल डायवर्ट कर दिया था. पीड़िता ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कनाड़िया पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं- पानी की बोतल पर एक्‍स्‍ट्रा कीमत वसूलना पड़ा भारी, भोपाल के रेडिसन होटल को चुकाने पड़े 8 हजार रुपये

Exit mobile version