Collector Orders Three Routes Ban: इंदौर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर अब ई-रिक्शा दौड़ते नजर नहीं आएंगे. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा ने इन मार्गों पर ई-रिक्शा के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है. इसमें पुराना एबी रोड, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर शामिल हैं. प्रशासन के इस फैसले से जहां ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की उम्मीद है, वहीं ई-रिक्शा चालकों ने इसे अपनी रोजी-रोटी पर संकट बताया है.
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक पुराना एबी रोड पर निरंजनपुर चौराहे से राजीव गांधी चौराहे तक, एमजी रोड पर पलासिया चौराहे से मृगनयनी चौराहे तक और सुपर कॉरिडोर पर ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा. इन व्यस्त मार्गों पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
बढ़ते ट्रैफिक को लेकर लिया फैसला
दरअसल, इन मार्गों पर यातायात के दबाव के चलते कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. समस्या के समाधान के लिए यातायात पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों और ई-रिक्शा पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई थी. चर्चा के बाद तीनों मार्गों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया.
कलेक्टर शिवम वर्मा ने केंद्रीय मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 और मध्य प्रदेश मोटरयान नियम 1994 के नियम 215 के तहत मिले अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है. प्रशासन का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. जरूरत पड़ने पर आदेश में संशोधन भी किया जा सकेगा.
ई-रिक्शा चालकों के रोजगार पर संकट
हालांकि प्रशासन के इस फैसले से ई-रिक्शा चालकों में नाराजगी है. चालकों का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ही उनकी सबसे ज्यादा ग्राहकी होती है. ऐसे में इन मार्गों पर प्रतिबंध लगने से उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा. चालकों ने सवाल उठाया कि अगर मुख्य मार्गों पर ही ई-रिक्शा नहीं चला सकेंगे, तो आखिर वे कहां जाएं. उनका कहना है कि इस फैसले से उन्हें अपना रोजगार तक छोड़ना पड़ सकता है.
नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी
फिलहाल आज यातायात पुलिस ई-रिक्शा चालकों को प्रतिबंधित मार्गों को लेकर समझाइश देगी. इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी. अब देखना होगा कि प्रशासन के इस फैसले से शहर की यातायात व्यवस्था कितनी सुधरती है और ई-रिक्शा चालकों की रोजी-रोटी से जुड़ी समस्या का क्या समाधान निकलता है.
