Indore Electricity Employee Death: गांधी नगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाली राजकमल रेसीडेंसी में एक बिजली कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान निर्मल राजपूत के रूप में हुई है. पुलिस को सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे फ्लैट में शव होने की सूचना मिली थी.
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.पुलिस के मुताबिक, शव करीब 12 घंटे पुराना हो सकता है. शव को फिलहाल पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शरीर पर हल्के चोट के निशान मिले हैं. हालांकि, ये चोटें कैसे आईं, इसे लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है. यह मामला हत्या है या किसी अन्य वजह से मौत हुई है, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.
Indore में पानी की बर्बादी पर चालानी कार्रवाई शुरू, 2,000 रुपये का स्पॉट फाइन
महिला मित्र के फ्लैट में मिला शव
जांच में सामने आया है कि निर्मल राजपूत जिस फ्लैट में मिला, वहां एक महिला रहती है. महिला अपने पति से अलग रह रही है और निर्मल उसका परिचित बताया जा रहा है. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. रात में ही महिला से लंबी पूछताछ की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.
पुलिस को सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज से भी अहम सुराग मिले हैं. फुटेज में निर्मल राजपूत सोसायटी में पीछे के रास्ते से प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहा है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वह फ्लैट में कब आया था और उसके बाद क्या हुआ.
बिजली विभाग में लाइनमैन था मृतक
मृतक निर्मल राजपूत मूल रूप से बागड़दा एरोड्रम क्षेत्र का रहने वाला था. वह मध्य प्रदेश बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था. उसके परिवार में पत्नी और एक बेटी है. परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है.एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि मामला संदिग्ध है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
