Vistaar NEWS

क्रिकेट का ‘क्रेज’ या कमाई का ‘सीजन’? भारत-वेस्टइंडीज T20 से पहले इंदौर में होटलों का बढ़ा किराया

India vs West Indies T20

भारत और वेस्टइंडीज का मुकाबला (फाइल फोटो)

India vs West Indies T20: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 मैच इंदौर में खेला जाना है. यह मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा. लेकिन इससे पहले शहर के होटलों का किराया तेजी से बढ़ गया है. होलकर स्टेडियम में होने वाले इस मैच को लेकर खेल प्रेमियों और दोनों टीमों की बुकिंग के चलते शहर के प्रमुख 5-स्टार और लग्जरी होटलों के रूम रेट दोगुने से लेकर ढाई गुना तक महंगे हो चुके हैं.

क्यों हुई होटलों के किराए में बढ़ोतरी

इस मैच को लेकर शहर में भारी भीड़ होने का अनुमान है. इसी के चलते होटलों ने अपने किराए में बढ़ोतरी कर दी है. विशेष रूप से भारतीय टीम ‘होटल मैरिएट’ में और वेस्टइंडीज टीम ‘रेडिसन होटल’ में ठहरेगी. इन दोनों होटलों ने अपने किराए में बढ़ोतरी की है. साथ ही इन होटलों के आसपास के होटलों के भी किराए बढ़ा दिए गए हैं.

होटल किराया दोगुना होने से आम दर्शकों और पर्यटकों को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है. कई लोगों ने बताया कि सीमित बजट के कारण होटल बुकिंग में समस्या आ रही है.

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा…

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने कहा कि इंदौर में क्रिकेट मैच होने पर होटल कारोबार में हर बार डिमांड बढ़ती है. बाहर से बड़ी संख्या में दर्शक आते हैं, जिसका फायदा होटल के साथ रेस्टोरेंट कारोबार को भी मिलता है. इस बार भी होटल सेक्टर में बूम दिखाई दे रहा है और होटल मैच के हिसाब से तैयारियां कर रहे हैं.

कब और कितने बजे शुरू होगा मैच

गौरतलब है कि इंदौर के होलकर स्टेडियम में पिछला पुरुष T20I मैच 14 जनवरी 2024 को भारत और अफगानिस्तान के बीच हुआ था, जिससे यह T20 मैच करीब 2 साल और 9 महीने के अंतराल के बाद हो रहा है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर 2026 को मैच शाम 7 बजे शुरू होगा. इससे आधे घंटे पहले यानी साढ़े 6 बजे टॉस किया जाएगा.

ये भी पढे़ं- मरीजों को बड़ी राहत, ‘AIIMS Bhopal व्हाट्सएप’ सेवा शुरू, घर बैठे मिलेगा स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं का लाभ

Exit mobile version