Vistaar NEWS

इंदौर के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को बड़ी सौगात, 10 साल वाले होंगे नियमित

pushyamitra

पुष्यमित्र भार्गव/ इमेज सोर्स-विस्तार न्यूज फाईल इमेज

Indore Dainik Vetanbhogi Karmchari: इंदौर के सफाई कर्मियों के चेहरे पर अब मुस्कान लौटने वाली है. वर्षों से स्थायी नौकरी की आस लगाए बैठे अस्थायी श्रमिकों के लिए शहर की स्थानीय निकाय ने ऐतिहासिक कदम उठाया है. दशक भर से ज्यादा समय तक झाड़ू, नाली सफाई, कचरा उठाने और सड़क रखरखाव जैसे कामों में जुटे मजदूरों को अब स्थायी दर्जा देने की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है.

सुरक्षा मिलने की उम्मीद जगी

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था. उस बैठक में यह तय हुआ था कि लंबे अरसे से सेवाएं दे रहे अस्थायी मजदूरों को राज्य शासन के एक दशक पुराने निर्देशों के दायरे में लाकर स्थायी किया जाएगा.

अब उसी वादे को मूर्त रूप देने के लिए प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति दे दी गई है. प्रशासन का कहना है कि साफ-सफाई व्यवस्था को देश में नंबर वन बनाए रखने में इन श्रमिकों की भूमिका सबसे अहम रही है. बारिश हो या सर्दी, त्योहार हो या आपात स्थिति, ये लोग बिना रुके शहर को चमकाने में लगे रहते हैं. फिर भी अब तक इन्हें स्थायी कर्मचारी वाला मान-सम्मान और सुविधाएं नहीं मिल पाई थीं.

योग्य श्रमिक को फायदा मिलेगा

अब सेवा अवधि की शर्त पूरी करने वाले हर योग्य श्रमिक को इस योजना का फायदा मिलेगा. इससे पहले सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के पालन में करीब सोलह सौ पचास श्रमिकों को स्थायी करने की कार्यवाही हो चुकी थी. अब तर्क दिया जा रहा है कि जब एक वर्ग को राहत मिल चुकी है तो समान योग्यता रखने वाले बाकी लोगों को इससे वंचित रखना न्यायसंगत नहीं होगा.

समानता के सिद्धांत पर ही यह नया प्रस्ताव तैयार किया गया है. इस फैसले के बाद स्थायी होने वाले कर्मियों को वेतनमान, भत्ते, अवकाश, पेंशन, बीमा और चिकित्सा जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा. अभी तक दैनिक मजदूरी पर काम करने के कारण इन्हें हर महीने अनिश्चितता का सामना करना पड़ता था. बीमारी या छुट्टी के दिनों में आमदनी रुक जाती थी. अब स्थायी होने के बाद उनका भविष्य सुरक्षित होगा और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में भी मदद मिलेगी.

Exit mobile version