मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से मानवता की मिसाल पेश करने वाली घटना सामने आई है. इंदौर के न्यू रामनगर इलाके में रहने वाली एक महिला का सोने का मंगलसूत्र गलती से घर के कचरे के डिब्बे में गिर गया. इसके बाद कचरे की गाड़ी घर के बाहर आई, महिला ने कचरे का डिब्बा उठाया और गाड़ी में डाल दिया. देखते ही देखते कचरे की गाड़ी गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंच गई और कचरे को डंप कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार की है, जब वाहन संख्या एमडीपी 2281 हमेशा की तरह न्यू रामनगर में घर-घर कचरा संकलन के नियमित फेरे पर था. वाहन चालक मोहित चौहान और हेल्पर हेमंत राजकुमार हर घर से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग ले रहे थे. इसी दौरान वाहन महिला के घर के बाहर पहुंचा और महिला ने भी अपने घर का कचरा वाहन में डाल दिया.
महिला ने सफाई कर्मचारियों को बताई पूरी कहानी
कचरे की गाड़ी अपने तय रूट से होते हुए संगम नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (GTS) पहुंच गया. इधर जैसे ही महिला को इस बात का आभास हुआ कि उसका मंगलसूत्र कचरे की गाड़ी में चला गया है, वह तुरंत भागकर सीधे गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन जा पहुंची. उसने वहां मौजूद कर्मचारियों को पूरी कहानी बताई.
महिला ने वहां मौजूद कर्मचारियों को बताया कि उसका कीमती सोने का मंगलसूत्र गलती से घर के डस्टबिन में गिर गया था और वह कचरे के साथ गाड़ी में आ चुका है. तब तक उसका कचरा इलाके से आए बाकी ढेर में पूरी तरह मिल चुका था. ऐसे में किसी भी आम जगह पर इसे खोजना भूसे में सुई ढूंढने जैसा था.
कचरे को छानना किया शुरू
इसके बाद चालक मोहित चौहान और हेल्पर हेमंत राजकुमार, जिन्होंने कचरा उठाया था, वे तुरंत GTS के अन्य कर्मचारियों अमर और गोविंद के साथ मदद के लिए आगे आए. कर्मचारियों ने बेहद सावधानी से कचरे को छानना शुरू किया. कुछ ही देर की कड़ी मशक्कत के बाद सफाई कर्मचारियों को मंगलसूत्र सही सलामत मिल गया. अमर और गोविंद ने बिना किसी लालच के तुरंत वह सोने का मंगलसूत्र महिला को सौंप दिया.
ये भी पढ़ें: युवाओं के लिए दमदार योजना, सीखो और हर महीने कमाओ हजारों रुपये, ये है MP सरकार की कमाल की स्कीम
