Opposition Leader Slaps Employee: इंदौर जिले के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी लगाने को लेकर विवाद एक बार फिर से गरमा गया है. जहां एक ओर सब्जी विक्रेता जिद पर अड़े हैं. वहीं, दूसरी ओर नगर निगम का कहना है कि यहां मंडी नहीं लगाई जा सकती है. सब्जी मंडी हटाने पहुंचे निगम अमले और विक्रेताओं के बीच विवाद हो गया. कहासुनी धीरे-धीरे हंगामे में बदल गई. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने निगम कर्मी को थप्पड़ जड़ दिया. इससे पूरा माहौल और उग्र हो गया.
पुलिस ने मिमरोट को हिरासत में लिया
दरअसल, बुधवार को इंदौर नगर निगम की टीम फूटी कोठी चौराहा फ्लाईओवर के नीचे से सब्जी की दुकानों को हटाने पहुंची थी. दुकानदारों और निगम कर्मियों के बीच जमकर विवाद हो गया. धक्का-मुक्की हो गई. सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में कांग्रेस नेता भी पहुंच गए. वहां, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से नेताओं की बहस हो गई. इसी दौरान नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए सोनिला मिमरोट और वार्ड पार्षद राजू भदौरिया को हिरासत में ले लिया गया है. 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
सब्जी विक्रेताओं ने आरोप लगाया है कि उनकी सब्जी फेंकी गई. बेवजह परेशान किया जाता है. वहीं, निगम का कहना है कि जहां दुकानें लगाई जा रही हैं. उस स्थान के लिए विक्रेताओं को अनुमति नहीं दी गई है.
क्या है पूरा मामला?
- दरअसल, ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण का हवाला देकर नगर निगम फूटी कोठी फ्लाईओवर के नीचे सब्जी बेचने से रोकती है.
- सब्जी बेचने के लिए वैकल्पिक स्थान दिया गया है. जहां कारोबारी नहीं जाना चाहते हैं. उनका कहना है कि वहां ग्राहक नहीं आते हैं.
- कांग्रेस का दावा है कि यहां से सब्जी मंडी हटाने पर लगभग 450 परिवार प्रभावित होंगे. रोजी-रोटी पर संकट आएगा.
पुलिस बीजेपी की एजेंट – चिंटू चौकसे
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस को भाजपा का एजेंट बता दिया. उन्होंने कहा कि शहर में अत्याचार की पराकाष्ठा हो गई है. कांग्रेस हमेशा से गरीबों की आवाज उठाती आई है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव घोषणा की बजाय हॉकर्स जोन का निर्माण कर देते तो गरीबों को व्यापार के लिए जगह मिल जाती. इसके जिम्मेदार महापौर हैं.
