Indore Water Conservation Fine: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में हो रहे जलसंकट की समस्या से कौन नहीं वाकिफ है. इंदौर में इस मानसून सीजन में महज 23 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 इंच कम है. कम बारिश का असर शहर के प्रमुख जलस्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है. जलसंकट के चलते कई जगह पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच शहर में पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है.
नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू की
इंदौर में पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में जोन क्रमांक 21 के वार्ड 79 में आरआर कैट रोड स्थित 7 स्टेप गार्डन के सामने पानी की बर्बादी करने पर 2,000 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया. महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देश पर CSI मनीष सिंह और सहायक CSI रवि सिंह ने टीम बेसिक्स की उपस्थिति में यह कार्रवाई की. नगर निगम का उद्देश्य पानी की बर्बादी रोकना और नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.
क्यों हो रहा जलसंकट ?
बताते चलें कि, इंदौर में इस मानसून सीजन में महज 23 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 इंच कम है. कम बारिश का असर शहर के प्रमुख जलस्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है. यशवंत सागर और बिलावली तालाब अपनी पूरी क्षमता तक नहीं भर पाए हैं.यशवंत सागर से शहर के छह पानी की टंकियों में जलापूर्ति की जाती है. इसकी क्षमता 19 फीट है, लेकिन इस बार तालाब पूरी तरह नहीं भर सका. ऐसे में दिसंबर-जनवरी से ही शहर में पानी की किल्लत बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
महू SDM राकेश परमार पर हाई कोर्ट ने लगाया 50 हजार का जुर्माना, 7 दिन में जमा करने के आदेश
कैलाश विजयवर्गीय भी दे चुके हैं बयान
जलसंकट को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी बयान दे चुके हैं. उन्होंने कुछ दिन पहले कहा कि, कि शहर में एक अवेयरनेस अभियान की जरूरत है. मैं अपने स्तर पर तो कोशिश कर रहा हूं, लेकिन इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों से कहूंगा आने वाला समय जलसंकट से भरा हुआ होगा.मंत्री विजयवर्गीय ने आगे कहा कि हम सभी को अब मानसिक रूप से तैयार रहना होगा, क्योंकि आने वाले समय में शहर में पानी की कमी होगी. उन्होंने कहा कि नर्मदा के जल स्तर का लेवल भी कम है, यही कारण है कि उस लेवल को बनाए रखना भी हमारे लिए जरूरी है. यदि नर्मदा नदी का लेवल तय लेवल से कम होगा तो पम्पिंग नहीं हो पाएगी.
