Vistaar NEWS

Indore: पितृ पर्वत पर अचानक क्यों रो पड़े मंत्री मनोहर लाल खट्टर? कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बंधाया ढांढस

Manohar Lal Khattar

मंत्री मनोहर लाल खट्टर

Indore: इंदौर शहर के प्रसिद्ध पित्र पर्वत पर आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के दौरान एक ऐसा भावुक क्षण देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर अपने माता-पिता की स्मृति में त्रिवेणी पौधारोपण कर रहे थे. जैसे ही उन्होंने पौधे रोपे और माता-पिता को नमन किया, उनकी आंखें नम हो गईं. कुछ क्षणों के लिए वे भावनाओं में डूब गए और मंच पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला.

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान

कार्यक्रम ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को बढ़ावा देना है. इसी भावनात्मक संदेश के बीच जब खट्टर अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण रिश्ते माता और पिता को स्मरण कर रहे थे, तब उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. यह दृश्य देखकर उपस्थित जनसमूह भी भावुक हो उठा.

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बंधाया ढांढस

इस दौरान मध्यप्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय उनके पास पहुंचे और उनका ढांढस बंधाया. विजयवर्गीय ने उन्हें सांत्वना देते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया. दोनों नेताओं के बीच का यह मानवीय और आत्मीय क्षण चर्चा का विषय बन गया.

पित्र पर्वत, जो इंदौर की आस्था और पर्यावरण संरक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है, इस भावुक घटना का साक्षी बना. यहां लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल हरियाली का प्रतीक नहीं था, बल्कि माता-पिता के प्रति श्रद्धा और स्मृति का संदेश भी दे रहा था.

माता-पिता का स्थान हमेशा सर्वोपरि

खट्टर का यह भावुक होना इस बात का प्रमाण था कि सार्वजनिक जीवन की ऊंचाइयों पर पहुंचने के बाद भी व्यक्ति के लिए माता-पिता की यादें सबसे अनमोल रहती हैं. उनके आंसुओं ने वहां मौजूद लोगों को यह संदेश दिया कि जीवन में चाहे कितनी भी उपलब्धियां हासिल हो जाएं, माता-पिता का स्थान हमेशा सर्वोपरि रहता है.

एक पेड़ मां के नाम अभियान के माध्यम से दिया गया यह संदेश केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि परिवार, संस्कार और भावनात्मक जुड़ाव की मिसाल बन गया. पित्र पर्वत पर घटित यह दृश्य लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा.

ये भी पढ़ें: MP Weather: एमपी के इन जिलों में जमकर बरसेंगे बदरा! भोपाल-इंदौर समेत 30 से ज्यादा शहरों के लिए यलो अलर्ट जारी

Exit mobile version