Indore Crime News: इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पलाश परिसर में आठवीं मंजिल से गिरकर 23 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अंजली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली की रहने वाली थी. युवती नोएडा में अपने पति और ढाई साल के बेटे के साथ रहती थी.
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले अंजली मेरठ निवासी अजय के साथ इंदौर आई थी. दोनों ने पीथमपुर में नौकरी करने की बात कहकर तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के पलाश परिसर में किराए पर फ्लैट लिया था और वहीं रह रहे थे. पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक दोनों ने शराब पी थी. शनिवार दोपहर करीब 12 बजे किसी बात को लेकर अंजली रोते हुए कमरे से निकली और फ्लैट की पीछे वाली बालकनी में चली गई. कुछ देर बाद वह आठवीं मंजिल से नीचे गिर गई.
एमवाय अस्पताल ले जाते वक्त हुई मौत
घटना के बाद स्थानीय रहवासी घायल युवती को महू के मैक्सवेल अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमले का एमपी कनेक्शन! इंदौर से पकड़ा गया फायरिंग का 11वां आरोपी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
तेजाजी नगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. मृतका के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है. पुलिस ने अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
