Vistaar NEWS

झाबुआ: शिविर में बीमार बुजुर्ग के पास पहुंचे कलेक्टर, समस्या सुनकर आश्वासन दिया तो छलक उठीं पीड़ित की आंखें

Collector met the elderly victim.

पीड़‍ित बुजुर्ग से मिले कलेक्टर

MP News: झाबुआ के थांदला में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस शिविर में अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पीड़ित पहुंचे. इनमें एक पीड़ित उदयपुरिया गांव का निवासी है. उसे परिजन बीमार अवस्था में पलंग पर लेकर आए. पीड़ित की समस्या सुनने स्वयं कलेक्टर पीड़ित के पलंग तक पहुंचे और समस्याएं सुनीं और उचित निराकरण का आश्वासन भी दिया. यह भावुक पल देख पीड़ित की आंखों में आंसू आ गए.

तीन वर्षों से चलने में असमर्थ है बच्चू

कार्यक्रम में थांदला के समीप गांव उदयपुरिया से पीड़ित बच्चू पिता तोलिया निनामा को लेकर उसके परिजन पहुंचे. पीड़ित बच्चू 3 वर्षों से चलने में असमर्थ है. पीड़ित बच्चू का आरोप है कि उसके परिजनों ने उसकी जमीन धोखे से बेच दी है. इसी की शिकायत लेकर वह कलेक्टर के पास पहुंचा. कलेक्टर को शिविर में पीड़ित बच्चू के बारे में जानकारी लगी तो कलेक्टर स्वयं बच्चू के पास पहुंचे और वस्तुस्थिति की जानकारी ली.

इसके बाद कलेक्टर ने पीड़ित बच्चू को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही उसकी समस्या का निराकरण किया जाएगा. कार्यक्रम में लंबे समय से मनरेगा और आदर्श योजना का भुगतान नहीं होने को लेकर भी पीड़ितों द्वारा शिकायत की गई.

10 वर्षों से नल कनेक्शन के लिए भटक रहे सफाईकर्मी

कार्यक्रम में थांदला के वार्ड क्रमांक 15 में पिछले 10 वर्षों से पेयजल कनेक्शन के लिए भटक रहे सफाईकर्मियों के मुद्दे को लेकर भी विस्तार न्यूज़ ने कलेक्टर से बातचीत की, जिस पर कलेक्टर ने कहा कि मामला विस्तार न्यूज़ के माध्यम से संज्ञान में आया है. स्थानीय निकाय से जानकारी लेकर जल्द ही सफाईकर्मियों को नल कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे.

विस्तार न्यूज़ ने कलेक्टर से दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर हो रही लगातार पत्थरबाजी को लेकर भी सवाल किया. जिस पर कलेक्टर ने बताया कि मामले में स्थानीय अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों से मिलकर नवीन योजनाएं बनाई जा रही हैं. क्षेत्र में जनजागरूकता फैलाकर पत्थरबाजी की घटनाएं रोकने का प्रयास किया जाएगा. कार्यक्रम में हितग्राहियों को विभिन्न स्वरोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति पत्र और अन्य हितलाभ वितरित किए गए. साथ ही नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता का संदेश दिया गया.

ये भी पढे़ं- MP News: झाबुआ में मुआवजे की मांग पर किसानों का धरना, कलेक्ट्रेट में बनाकर खाई दाल-बाटी, लिखित आश्वासन पर अड़े

Exit mobile version