MP Crime: झाबुआ के पेटलावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बामनिया में रेलवे ट्रैक के पास मिली एक अज्ञात लाश की गुत्थी को पुलिस ने 10 दिनों में सुलझा लिया है. इस मामले में कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी ही मुख्य साजिशकर्ता निकली. जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने इस ‘अंधे कत्ल’ का पर्दाफाश करते हुए पत्नी और प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
11 जून 2026 मिला था शव
बीते 11 जून 2026 को बामनिया के बिजनीपाड़ा कच्चे मार्ग और रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. पेटलावद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व सोशल मीडिया की मदद से 12 जून को मृतक की पहचान बहादूर भूरिया (36 वर्ष), निवासी ग्राम सेमलिया के रूप में की. घटना स्थल पर मिले साक्ष्य के आधार पर पूरा मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था. जिसे लेकर पुलिस घटना दिनांक से जांच में लग गई थी.
गलिया निनामा नामक व्यक्ति से अवैध संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी समिता उर्फ सुमित्रा के गलिया निनामा नामक व्यक्ति से अवैध संबंध थे. पति-पत्नी के बीच अक्सर इस बात को लेकर विवाद होता था. चार महीने पहले समिता अपने मायके चली गई थी. जहाँ से वह लगातार अपने प्रेमी के संपर्क में थी. दोनों ने मिलकर बहादुर को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा.
शराब में जहर मिलाकर किया गला घोंटकर कत्ल
योजना के तहत, समिता ने अपने परिचित कमरू वसुनिया (निवासी रतलाम) के माध्यम से जहरीली गोलियां मंगवाईं. 9 जून को आरोपी गलिया निनामा ने बहादूर को फोन कर बामनिया बुलाया. वहां सुनसान जगह पर उसे शराब में जहर मिलाकर पिलाया और फिर उसके ही गमछे से गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी. साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया.
सभी आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने भौतिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले को सुलझाया. पुलिस ने अपराध क्रमांक 277/2026, धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें गलिया पिता लालजी निनामा (निवासी कुण्डाल), समिता उर्फ सुमित्रा मृतक की पत्नी और कमरू पिता प्रभु वसुनिया शामिल है. वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.
इनपुट- सिद्धार्थ कांकरिया
