इंदौर में ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत लगातार गरमाई हुई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस सरकार को छात्रों से खतरा है. सिस्टम छात्र नहीं चाहता ये सिस्टम अंधभक्त चाहता है क्योंकि अंधभक्त सवाल नहीं पूछते. राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति में लगातार बयानबाजी का दौर जारी है.
अब बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी, कांग्रेस और वामपंथी विचारधारा पर निशाना साधा है. विजयवर्गीय ने ‘अंधभक्त’ नैरेटिव पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को अंधभक्त नहीं, बल्कि देशभक्त छात्रों की जरूरत है.
हम देशभक्त छात्रों को खड़ा कर रहे हैं-कैलाश विजयवर्गीय
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा ‘अंधभक्त क्या होता है ये किस प्रकार का नैरेटिव चलाते हैं ये अंधभक्त होता क्या है हमें देशभक्त चाहिए और हम देशभक्त छात्रों को खड़ा कर रहे हैं. हम ऐसे छात्र नहीं चाहते हैं, जो नारे लगाते हों कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशाल्लाह इंशाल्लाह.’
उन्होंने आगे कहा कि यह उन वामपंथी और कांग्रेस के लोगों के गाल पर तमाचा है, जिन्होंने राष्ट्रभक्त लोगों के हाथ से कल करारी पराजय झेली है. कैलाश विजयवर्गीय ने अपने बयान के जरिए कांग्रेस और वामपंथी संगठनों पर तीखा हमला बोला और ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम के राजनीतिक संदेश पर सवाल खड़े किए.
ये भी पढ़ेंः अब MP विधानसभा होगी लाइव! विंटर सेशन से होगी शुरुआत, आम लोग भी देख सकेंगे कार्यवाही
सिस्टम को पूरी तरह से पीएम मोदी चलाते हैं-राहुल गांधी
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने इंदौर में पहले और देश के पांचवें ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिस्टम को पूरी तरह से पीएम मोदी चलाते हैं. वहीं छात्रों को मारने का काम, पैलेट गन चलाने का काम अमित शाह करते हैं. राहुल ने कहा कि सिस्टम ने हर जगह अपना आदमी बैठा रखा है. वही पूरा सब काम देख रहे हैं.
