Khandwa News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव सोमवार (27 जुलाई) को खंडवा में बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे. यहां मंच से सीएम ने प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 3300 करोड रुपए की राशि ट्रांसफर की. यह राशि प्रदेश के किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 4000 रुपये प्रति किसान के मान से अंतरित हुई.
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने खंडवा जिले को बड़ी सौगात देते हुए यहां लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकारते हुए मंच से ही पुलिस बटालियन बनाने की घोषणा भी की. बता दें कि सीएम का यह कार्यक्रम खंडवा के नई कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित हुआ था. इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद किसान, आम नागरिक एवं जन प्रतिनिधियों ने सीएम का आभार माना.
आज खंडवा में आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' के अवसर पर 'मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना' अंतर्गत प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के खाते में दो किस्तों की ₹3,300 करोड़ से अधिक राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 27, 2026
प्रदेश के सभी किसानों को हार्दिक बधाई। हमारी सरकार हर… pic.twitter.com/HMtxaG0DDx
सिंचाई का रकबा बढ़ाने पर काम
सीएम यादव ने लंबे समय से खंडवा को संभाग का दर्जा दिए जाने की मांग के बदले फिलहाल यहां पुलिस बटालियन बनाने का तोहफा दिया है. उन्होंने कहा कि, यह वर्ष किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है, जिसमें सरकार अलग-अलग तरीकों से किसानों के हित में बहुत सारे काम कर रही है.
सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ने पर ध्यान दे रही है, तो वहीं केन-बेतवा परियोजना के माध्यम से एक लाख करोड़ का लाभ पूरे बुंदेलखंड के दतिया, पन्ना, दमोह, कटनी जैसे जिलों को देने की तैयारी की जा रही है. इसके साथ ही नर्मदा, ताप्ती, काली सिंध, पार्वती जैसी नदियों के क्षेत्र में भी सिंचाई का रकबा बढ़ाने को लेकर सरकार का काम जारी है.
16 विभागों मिलकर काम कर रहे
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, किसान कल्याण वर्ष में सरकार ने 16 विभागों को मिलाकर किसानों की आय दोहरीकरण के साथ ही अलग-अलग कई सारे विकास के काम भी शुरू कर रही है. आज भी 42 लाख 70 हजार किसानों के खाते में 4000 प्रति किसान के मान से राशि डाली गई है. इसके साथ ही लाडली बहनों और दिव्यांग और विधवा बहनों के खातों में भी राशि सरकार के द्वारा डाली गई है. हर गांव तक सड़क, बिजली और नल से जल को लेकर सरकार काम कर रही है.
ये भी पढ़ें: Khandwa: बीच खेत में कैसे आ गया हवाई जहाज? गूगल मैप की इस तस्वीर ने पूरे इलाके में मचाई खलबली
एक समान कानून पर भी काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा दादा धुनी वाले की नगरी में वे आए हैं, जहां ओंकारेश्वर में सिंहस्थ को लेकर बड़े निर्माण कार्य भी चल रहे हैं. सरकार भगवान कृष्ण के नाम पर कई योजनाएं चलाने के साथ ही भगवान राम के धाम चित्रकूट और राम वन पथगमन जैसे तीर्थ धाम बनाने पर भी काम कर रही है.
इसके साथ ही सरकार सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने और एक समान कानून बनाने जैसे काम भी कर रही है. खंडवा में जनप्रतिनिधियों की मांग पर बटालियन बनाने के साथ ही खंडवा से मूंदी मार्ग का टेंडर 15 तारीख से पहले निकल जाएगा. यहां की बाकी सड़कों की सौगातें भी जल्द मिलेंगीं.
