Vistaar NEWS

Khandwa: खदान के तालाब में डूबे दो किशोर, 5 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, शव बरामद

khandwa

khandwa

Khandwa News: नाहल्दा क्षेत्र स्थित खदान के तालाब में नहाने के दौरान डूबे दो किशोरों की तलाश में होमगार्ड्स और एसडीईआरएफ की रेस्क्यू टीम ने जिला प्रशासन के समन्वय से करीब पांच घंटे तक सघन सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव बरामद किए गए.

14 सदस्यीय टीम ने किया रेस्क्यू

सूचना प्राप्त होते ही जिला कमांडेंट होमगार्ड्स एवं एसडीईआरएफ आशीष कुमार कुशवाहा के निर्देशन, मार्गदर्शन एवं प्रत्यक्ष नेतृत्व में लगभग 15 सदस्यीय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मोटर बोट और आवश्यक आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची. लगभग शाम 5 बजे सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया.

सर्च ऑपरेशन रहा काफी चुनौतीपूर्ण

खदान में पानी की गहराई लगभग 40 से 50 फीट होने तथा पानी के भीतर विभिन्न अवरोध और दूसरे सामग्री मौजूद होने के कारण सर्च ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा. प्रशिक्षित सिविल डिफेंस गोताखोरों और अच्छे तैराकों ने डीप डाइविंग, दो मोटर बोट और आपदा प्रबंधन उपकरणों की सहायता से लगातार सर्चिंग की. जिला कमांडेंट आशीष कुमार कुशवाहा ने मौके पर खुद उपस्थित रहकर पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व और समन्वय किया.

सर्चिंग के दौरान लक्ष्य पाठक, पिता मिंटू पाठक, उम्र 15 वर्ष एवं विश्वास पाठक, उम्र 17 वर्ष, खंडवा के नाहल्दा निवासी के शव बरामद किए गए. दोनों शव पुलिस को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु सुपुर्द किए गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया.

खण्डवा कलेक्टर क्या बोले

इस मामले में खण्डवा कलेक्टर ने कहा कि एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना आज नहालदा ग्राम पंचायत में हुई है. जो हेडक्वार्टर से लगी हुई पंचायत ही है हमारी. उस पंचायत में हालांकि एक आइडेंटिफाइड जगह थी जहां पर गणेश जी के विसर्जन होते हैं लेकिन वहां पर अन्य तालाब भी हैं. कुछ बच्चे भूलवश ऐसे तालाब में चले गए जहां पर अमूमन इस्तेमाल नहीं होता है और वो बहुत ही गहरा तालाब है.

वहां पर दुर्भाग्यवश दो बच्चों की डेथ हो गई. उन्होंने कहा हमारी एसडीआरएफ (SDRF) की टीम, होमगार्ड की टीम और ईवन ओंकारेश्वर से आई हुई टीम के द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया. दोनों बॉडीज को निकाल लिया गया है. पोस्टमार्टम करके फिर उसके बाद शव हैंडओवर कर दिए जाएंगे. इसके अलावा जो भी सहायता शासन के माध्यम से आरबीसी 6-4 के अंतर्गत हो सकती है, वो पीड़ित परिवार को उपलब्ध करवाई जाएगी.

Exit mobile version